गोरखपुर में ऑयल प्लांट में शुक्रवार को आग लग गई। 9 घंटे से लपटें उठ रहीं हैं। जिस टैंक में आग लगी है, उसमें 25 हजार लीटर ऑयल है। सुबह से दमकल की 25 गाड़ी से पानी डाला जा रहा है, लेकिन अब तक आग बुझ नहीं पाई। डीएम-कमिश्नर, एसएसपी, आईजी मौके पर पहुंच गए हैं। लखनऊ से एनडीआरएफ टीम को बुलाया गया है। दिल्ली से टेक्निकल एक्सपर्ट की टीम भी वहां से निकल चुकी है। चीफ फायर अफसर ने बताया कि ऑयल प्लांट के 500 मीटर इलाके में बनी 600 छोटी-बड़ी फैक्ट्रियों को बंद करा दिया है। बैरिकेडिंग कर दी है। पब्लिक को घटनास्थल तक नहीं जाने दिया जा रहा है। फायर टीम को डर है कि आग टैंक के अंदर पहुंच गई तो विस्फोट हो सकता है। इसलिए कूलिंग की जा रही है। गोरखपुर में गोरखपुर इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी यानी गीड के सेक्टर-15 में राजेश रूंगटा की रूंगटा इंडस्ट्रीज लिमिटेड का ब्रान ऑयल (चावल की भूसी का तेल) का प्लांट है। इसमें ऑयल स्टोरेज के लिए जमीन के अंदर 25 हजार लीटर का टैंक बना है। शुक्रवार तड़के टैंक में जिस पाइप से तेल सप्लाई होता है, उसमें आग लग गई। इससे तेज लपटें उठने लगीं। फैक्ट्री में भगदड़ मच गई। कर्मचारी बाहर आ गए। थोड़ी ही देर में फायर ब्रिगेड की टीम पहुंच गई। आग बुझाने के लिए 4 फायर आफिसर की टीम बनाई गई। पिछले 9 घंटे से बुझाने की कोशिश की जा रही है। डीएम दीपक मीणा ने कहा- आयल में आग लगने से अंदर वेपर बन रहा है। जिस टीम ने इस प्लांट का इंस्टालेशन किया है, उसे भी बुलाया गया है। अभी तक कोई जनहानि नहीं है। 3 तस्वीरें देखिए… आग कैसे बुझेगी, टीम क्या कर रही? फैक्ट्री में लगी आग के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…