काशीविश्वनाथ में रंगभरी एकादशी पर बटुक की चोटी खींची:दरोगा ने बाल नोचे, सिपाही ने जड़े थप्पड़; महिला श्रद्धालुओं से भी हाथापाई

काशी में बाबा विश्वनाथ धाम में पुलिस ने बटुक की ड्रेस पहने युवक को पीट दिया। सिपाही ने ताबड़तोड़ तीन थप्पड़ जड़े, बाल खींचे और फिर धक्का देकर बैरिकेडिंग के पीछे कर दिया। युवक ने किसी तरह खुद को संभाला, लेकिन इसके बाद उसे लाइन में लगने नहीं दिया गया। यानी बिना दर्शन के ही बटुक को लौटा दिया गया। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने बटुक के साथियों के साथ भी बदसलूकी की। आरोप है कि लाइन में खड़ी महिला श्रद्धालुओं से भी धक्का-मुक्की हुई। शुक्रवार को रंगभरी एकादशी पर बाबा, माता के साथ पालकी में सवार होकर मंदिर के गर्भगृह पहुंचे थे। पालकी जाने के बाद पुलिस ने बटुकों को बाहर ही रोक दिया। इसको लेकर बटुकों की पुलिस से कहासुनी हो गई। इसी दौरान पुलिसकर्मियों ने समझाने के बजाय बटुक के साथ मारपीट कर दी। एक महिला पत्रकार से बदसलूकी भी बात सामने आई है। तस्वीरें देखिए-

परंपरा के अनुसार, गुरुवार को बाबा पालकी पर सवार होकर महंत आवास गौना कराने गए थे। शुक्रवार को बाबा गौना कराकर लौटे। इस दौरान बाबा और माता की पालकी शहर के प्रमुख स्थानों से होकर गुजरी, जिसमें 2 लाख से ज्यादा भक्त शामिल हुए। भक्त होली खेलते और जयकारे लगाते हुए काशी विश्वनाथ मंदिर के गर्भगृह पहुंचे। बाबा की पालकी अंदर गई और वहां रंग खेले गए। पालकी जाने के बाद पुलिसकर्मियों ने बाहर भक्तों को रोक लिया। भक्त अंदर जाना चाह रहे थे, जिससे पुलिस से कहासुनी हो गई। इसी दौरान एक सिपाही ने बटुक का मुंह नोचा और फिर थप्पड़ मारना शुरू कर दिया। सिपाही ने ताबड़तोड़ तीन थप्पड़ मारे, इसके बाद एक दरोगा ने उसे लाइन से खींचकर बाहर निकाल दिया। घंटों कतार में लगने के बावजूद उसे प्रवेश नहीं मिल सका। महिला पत्रकार से बदसलूकी, साथी से हाथापाई
रंगभरी एकादशी के कार्यक्रम कवरेज के दौरान एक महिला पत्रकार के साथ भी कथित अभद्रता का मामला सामने आया है। आरोप है कि काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर-4 पर ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों ने पत्रकार से बदसलूकी की। बीच-बचाव करने पहुंचे दूसरे पत्रकार को भी पुलिसकर्मियों ने थप्पड़ मारकर भगा दिया और गालियां दीं। डीसीपी गौरव बंसवाल ने कहा- जिन-जिन पत्रकारों के पास आई-कार्ड था, उन सभी को रंगभरी एकादशी कार्यक्रम की अनुमति दी गई थी। सभी को स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि किसी के साथ बदतमीजी न की जाए। अगर बटुक के साथ ऐसा कोई मामला संज्ञान में आता है। किसी की गलती पाई जाती है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ————— ये भी पढ़ें: सिपाही से पिस्टल लूटने वाला कल्लू गुर्जर एनकाउंटर में ढेर:आगरा में 20 मिनट तक फायरिंग, सीने में धंसी गोली; 2 सिपाही घायल आगरा में 50 हजार के इनामी शूटर पवन गुर्जर उर्फ कल्लू को नोएडा STF ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया है। 35 साल के शूटर पर 50 हजार रुपए का इनाम था। 18 संगीन मामले दर्ज थे। उसने सिपाही से 9MM की पिस्टल लूटी थी। STF के ASP राजकुमार मिश्रा ने बताया, शुक्रवार की शाम आगरा पुलिस टीम के साथ मिलकर STF ने पवन गुर्जर को थाना एकता क्षेत्र में घेरा। पढ़ें पूरी खबर