यूपी भीषण गर्मी की चपेट में है। अप्रैल महीने में ही जून जैसी गर्मी का एहसास हो रहा है। पारा 47°C के पार पहुंच गया है। सोमवार सुबह से तेज धूप निकली है। आसमान में बादलों की आवाजाही के बीच तेज हवाएं चल रही हैं। हीटवेव की वजह से अस्पतालों में उल्टी-दस्त के मरीज बढ़ गए हैं। काशी के सरकारी अस्पताल में कोल्ड रूम बनाया गया है। हीट स्ट्रोक के मरीजों के लिए चार बेड अलग से लगाए गए हैं। वार्ड में बाथ टब भी लगाया गया है। गोरखपुर में घर में लगी विंडो AC में आग लग गई। देखते ही देखते आग पूरे घर में फैल गई। परिवारवालों ने भागकर अपनी जान बचाई। आगरा में कामाख्या एक्सप्रेस के थर्ड एसी कोच के AC में खराबी आ गई। यात्रियों को कानपुर तक 6 घंटे भीषण गर्मी में सफर करना पड़ा। हंगामे के बाद कानपुर में कोच बदला गया। अमेठी में ट्रांसफॉर्मर को ठंडा रखने के लिए पाइप से पानी डाला जा रहा। कानपुर में गर्मी की वजह से ट्रांसफॉर्मर में आग लग गई। पास में बनी दो दुकानें जलकर राख हो गईं। इस बीच, मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश में 14 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। साथ ही 60 जिलों में लू की चेतावनी दी है। पिछले 24 घंटे की बात करें तो बांदा 46.6°C के साथ बांदा लगातार दूसरे दिन प्रदेश में सबसे गर्म रहा। इससे पहले शनिवार को बांदा देश में सबसे गर्म रहा था। तापमान 47.4°C दर्ज किया गया था। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया- प्रदेश में आज दोपहर में लू चलने के साथ कहीं-कहीं रात भी गर्म होने के आसार हैं। नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के बाद कल से गरज-चमक के साथ बारिश का नया दौर शुरू होगा। अगले 5 दिन में तापमान में 2-4°C की गिरावट आ सकती है। लू से भी कुछ हद तक राहत मिलेगी। मौसम की तस्वीरें देखिए… अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम? आपके शहर में मौसम कैसा है, गर्मी से राहत कब से मिलेगी? जानने के लिए नीचे लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…