प्रयागराज में सस्पेंडेड इंजीनियर 30 फीट ऊंचे टॉवर पर चढ़ा:बोला- बहाल करो, तब नीचे आऊंगा; 4 घंटे बाद नीचे उतरा

प्रयागराज में निलंबन से नाराज बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर (JE) अभय कुमार यादव गुरुवार शाम 6 बजे 30 फीट ऊंचे टॉवर पर चढ़ गए। अभय टॉवर से ही चिल्लाकर बार-बार कह रहे थे, ‘जब तक मुझे बहाल नहीं किया जाता है, नीचे नहीं आऊंगा।’ एक दिन पहले लाइनमैन की मौत के बाद इंजीनियर अभय को निलंबित कर दिया गया था। सूचना पाकर अभय के साथी इंजीनियर मौके पर पहुंचे। उन्होंने विभाग पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। कर्मचारियों ने चीफ इंजीनियर के खिलाफ नारे लगाए। कर्मचारियों की सुपरिटेंडेंट इंजीनियर (SE) से बहस भी हुई। अनहोनी की आशंका से फायर ब्रिगेड भी बुला ली गई। SE ने भरोसा दिया कि निलंबन का आदेश वापस ले लिया जाएगा। बावजूद इसके अभय उतरने को तैयार नहीं थे। रात 10 बजे एसीएम 4 अविनाश यादव और एसीपी सिविल लाइंस विद्युत गोयल ने निलंबन का आदेश वापस कराने का भरोसा दिया। तब JE अभय नीचे उतरे। साथी जूनियर इंजीनियरों ने चेतावनी दी है। कहा, अगर निलंबन का आदेश वापस नहीं लिया जाता तो चीफ इंजीनियर कार्यालय में ही 1 मई से सभी जूनियर इंजीनियर धरना प्रदर्शन करेंगे। JE ने कहा- मेरा पक्ष सुने बिना कार्रवाई की गई
अभय यादव ने बताया, 28 अप्रैल की रात ढाई बजे तक ड्यूटी पर था और सप्लाई चालू करके घर आ गया। इसके बाद सरकारी लाइनमैन ने एक प्राइवेट लाइनमैन को बुलाकर रिपेयरिंग का काम करवाया। इसी दौरान सप्लाई चालू हो गई और प्राइवेट लाइनमैन की करंट लगने से मौत हो गई। JE का आरोप है कि बिना पक्ष जाने ही उन्हें निलंबित कर दिया गया। 4 तस्वीरें देखिए… घटनाक्रम से जुड़ी पल-पल की जानकारी के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…