बेटी के घर छोड़कर जाने के बाद वह अंदर से टूट गए थे। शराब पीने लगे थे, अक्सर अपने पास चाकू रखते थे। गांव के लोग भी उनकी हालत जानते थे, लेकिन मुझे नहीं पता था कि वह ऐसा कोई कदम उठा लेंगे। यह कहना है शिवानी की मां रन्नू चौहान का। शिवानी की 12 जून को उसके पिता ने बांदा के बदौसा थाने में हत्या कर दी थी। शिवानी की मौत के बाद मां रन्नू पहली बार कैमरे के सामने आईं। रन्नू का कहना है कि बेटी के घर छोड़ने के बाद से उनके पति सत्यकुमार बेटी को लेकर बहुत परेशान रहते थे। आरोपी पिता सत्यकुमार ने पुलिस पूछताछ में बताया- ‘बेटी के इस कदम से उनकी इज्जत को ठेस पहुंची थी। उन्हें जो सही लगा, वही किया। इज्जत के लिए कोई भी आदमी यही करता। पत्नी को इसकी कोई जानकारी नहीं थी, वह निर्दोष है।’ मां ने बताया- बेटी के जाने के बाद से ही परेशान रहते थे पति रन्नू चौहान ने बताया कि 18 मई को मैं अपने मायके गई थी। जब वापस लौटी तो पता चला कि बेटी शिवानी (19) घर से लापता है। बाद में जानकारी मिली कि वह गांव के ही ललित वर्मा के साथ कहीं चली गई है। परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। घरवालों ने थाने और अन्य अधिकारियों को प्रार्थना पत्र दिया और शिवानी का पता लगाने की गुहार लगाई। काफी प्रयासों के बाद पुलिस को वह 12 जून को मध्यप्रदेश में मिली। जब परिवार ने उससे घर छोड़ने की वजह पूछी तो उसने बताया कि वह अपनी मर्जी से गई। किसी ने उस पर दबाव नहीं डाला। रन्नू ने थाने में बेटी को समझाने की कोशिश की। उससे कहा कि अगर वह पहले अपनी बात बता देती तो शायद कोई रास्ता निकल सकता था। लेकिन, शिवानी अपनी जिद पर अड़ी रही। इसके बाद उनके पति सत्यकुमार ने पुलिस के सामने ही बेटी को कई बार चाकू मारे। इससे उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम में सामने आईं 6 चोटें, लीवर में गहरे घाव से हुई मौत हमले में गंभीर रूप से घायल हुई शिवानी की मौत के बाद 3 डॉक्टरों के पैनल ने वीडियोग्राफी के बीच पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर 6 चोटों के निशान मिले। इनमें तीन चोटें पेट में, एक बाईं जांघ, एक बाईं कोहनी और एक हथेली पर था। डॉक्टरों के मुताबिक, पेट में घोंपा गया चाकू करीब तीन इंच अंदर तक चला गया था, जिससे लीवर को गंभीर चोट पहुंची। इसी गहरे घाव को डॉक्टरों ने मौत की मुख्य वजह बताया है। 4 साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग, परिवारों को नहीं थी भनक ललित के बड़े भाई विनोद ने बताया कि उनके परिवार में कुल 4 सदस्य हैं। इनमें पिता राम कृपाल, बड़े भाई विनोद (30), बहन पूजा (25) और ललित (21) शामिल हैं। विनोद की शादी हो चुकी है। उनके पिता राम कृपाल संविदा पर लाइनमैन हैं। ललित ने 8वीं क्लास तक की पढ़ाई की है। इसके बाद उसने पढ़ाई छोड़ दी। कुछ समय तक डीजे की दुकान पर उसने काम किया। अभी वह घर पर रहकर छोटे-मोटे काम करता था। उन्होंने बताया कि शिवानी और ललित के बीच करीब 4 साल से प्रेम संबंध थे, लेकिन इसकी जानकारी दोनों परिवारों को नहीं थी। परिवार को इस रिश्ते के बारे में तब पता चला, जब ललित शिवानी के साथ घर छोड़कर चला गया। अब जानिए क्या था पूरा मामला बदौसा थाना क्षेत्र की रहने वाली 19 साल की शिवानी का गांव के ही ललित वर्मा (20) से पिछले चार साल से प्रेम संबंध था। 18 मई को दोनों घर छोड़कर चले गए और मंदिर के साथ-साथ रजिस्ट्रार कार्यालय में शादी कर ली। इसके बाद शिवानी की मां रन्नो देवी ने ललित के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। करीब एक महीने तक लापता रहने के बाद 12 जून (शुक्रवार) को पुलिस दोनों को मध्य प्रदेश के सतना जिले से बरामद कर बदौसा थाने लाई थी। यहां पूछताछ के दौरान दोनों ने अपनी मर्जी से शादी करने की बात कही और विवाह संबंधी दस्तावेज भी दिखाए। काउंसलिंग के दौरान शिवानी ने पिता से साफ कहा कि वह ललित को नहीं छोड़ना चाहती है। अब उसी के साथ रहेगी। इसी बीच पिता सत्यकुमार ने अचानक चाकू निकालकर कुछ ही सेकंड में उस पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने आरोपी को पकड़ लिया, जबकि गंभीर रूप से घायल शिवानी को पहले अतर्रा सीएचसी और फिर बांदा मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। —————————————– ये खबर भी पढ़ेंः- थाने में बेटी की हत्या, लव-मैरिज से नाराज था पिता:बांदा में समझाया था- दूसरी जाति का लड़का है, बदनामी होगी; खून देख मां बेहोश बांदा में एक पिता ने अपनी 19 साल की बेटी की थाने के अंदर चाकू मारकर हत्या कर दी। वह बेटी के लव मैरिज करने से नाराज था। बेटी ने 18 मई को मोहल्ले के ही रहने वाले एक लड़के के साथ भागकर शादी कर ली थी। पुलिस शुक्रवार को लड़की और उसके प्रेमी को मध्यप्रदेश से बरामद कर थाने लाई थी। मां-बाप को भी थाने बुलाया गया था। इसी दौरान पिता अपनी बेटी को समझा रहा था, जिसके साथ तुमने शादी की है, वह दूसरी बिरादरी का है। समाज में बड़ी बदनामी हो रही है। लेकिन लड़की अपने प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी थी। तभी पिता ने बेटी पर चाकू से हमला कर दिया। पढ़ें पूरी खबर…