केशव मौर्य के जाते ही काजू-बादाम की लूट मची, VIDEO:मुट्‌ठी भर-भरकर ले गए; कानपुर में मीडिया प्रभारी बोले- वो हमारे कार्यकर्ता नहीं

डिप्टी सीएम केशव मौर्य बुधवार को कानपुर के दौरे पर रहे। साकेत नगर के एक होटल में डिप्टी सीएम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी के आरोपों पर सपा को घेरा और सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। लेकिन केशव के जाते ही भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी काजू-बादम और किशमिश पर टूट पड़े। दरअसल, केशव के लिए नाश्ते में ड्राई फ्रूट्स का इंतजाम किया गया था। मेज पर काजू, बादाम और किशमिश रखा था। डिप्टी सीएम ने अपनी बात रखी और चले गए। फिर वहां मौजूद लोग काजू-किशमिश झपटने लगे। कार्यकर्ताओं और समर्थकों में काजू-बादाम पाने की होड़ मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्थिति इतनी अव्यवस्थित हो गई थी कि वहां मौजूद अधिकारियों और प्रेस के लोगों को भी किनारे होना पड़ा। मीडिया प्रभारी संजीव बेरी ने बताया- कार्यक्रम में आए लोगों के लिए टेबल पर नाश्ता लगा हुआ था। उनके जाने के ठीक बाद जनप्रतिनिधियों के साथ जो समर्थक आए थे, वही लोग नाश्ते की टेबल पर दिख रहे हैं। वीडियो में दिख रहे लोग पार्टी के कार्यकर्ता नहीं हैं। अब केशव की 6 बड़ी बातें जानिए… हनुमानजी की गदा चलेगी: अयोध्या में जिसने गड़बड़ किया होगा, उस पर हनुमान जी महाराज की गदा चलेगी। मुझे पूरा विश्वास है कि भगवान श्रीराम के चढ़ावे का पैसा चाहे जिसने खाया होगा, उसका सुख नहीं भोग सकता। जांच के बाद जो दोषी होगा, उससे रिकवरी की जाएगी। सपा बांटने की राजनीति कर रही: कुछ दल समाज को बांटने की राजनीति कर रहे हैं। हिंदू समाज की बढ़ती एकजुटता से विपक्ष परेशान है। 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता ऐसे नेताओं को जवाब देगी। पश्चिम बंगाल के चुनाव में जो हाल टीएमसी का हुआ, वही 2027 में चुनाव में सपा के साथ होगाा। भाजपा में कोई मतभेद नहीं, सब एकजुट: भाजपा पूरी तरह एकजुट और मजबूत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार विकास के एजेंडे पर काम कर रही है। विपक्षी पार्टियां सपा और कांग्रेस की दाल नहीं गलने वाली है। 2014 के बाद कानपुर बदला: 2014 के बाद इस शहर की तस्वीर तेजी से बदली है। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर काम हुआ है। पुराने और नए कानपुर की तुलना करने पर विकास साफ दिखाई देता है। अभी भी बहुत काम बाकी है। शहर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास जारी रहेगा जितनी प्रगति 12 साल में हुई, कांग्रेस 120 साल में नहीं कर सकी: पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने जितनी प्रगति की है, उतनी कांग्रेस अपने 120 साल के राजनीतिक इतिहास में नहीं कर सकी। मोदी सरकार ने कृषि, बुनियादी ढांचे, रक्षा, तकनीक और गरीब कल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक काम किए हैं। महिला आरक्षण और वन नेशन-वन इलेक्शन का समर्थन: भाजपा महिला आरक्षण के अपने संकल्प पर कायम है। ‘वन नेशन-वन इलेक्शन’ को देशहित में बताते हुए कहा कि इससे समय और संसाधनों की बचत होगी। शासन व्यवस्था अधिक प्रभावी बनेगी। प्रदेश और देश में जो विकास दिखाई दे रहा है, वह सिर्फ शुरुआत है। आने वाले समय में विकास की गति और तेज होगी। 3 तस्वीरें देखिए… पल-पल की अपडेट के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…