राम मंदिर के ट्रस्टी अनिल मिश्र से 4 घंटे पूछताछ:SIT ने टिन्नू यादव के जवाबों से क्रॉस चेक किए; आज योगी अयोध्या आएंगे

राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले में स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) लगातार 4 दिन से अयोध्या में है। 18 जून (गुरुवार) को टीम करीब 10 घंटे तक मंदिर परिसर में रही। ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्र से करीब 4 घंटे तक पूछताछ की। टीम ने अनिल मिश्र से राम मंदिर दान की रकम की गिनती और रख-रखाव समेत इसे बैंक में जमा करने की प्रकिया जानी। इसमें उनकी भूमिका के बारे में विस्तार से समझा। अनुकल्प मिश्र और लवकुश मिश्र आदि की नियुक्ति की प्रकिया और उसमें अनिल मिश्र की भूमिका को भी समझा। अनिल मिश्र से पूछताछ के बाद टीम ने टिन्नू यादव को बुलाया। करीब डेढ़ घंटे तक पूछताछ की। अनिल के बताए गए जवाब पर टिन्नू यादव की राय लेकर क्रॉस चेक किया। वहीं, सीएम योगी आज अयोध्या आएंगे। वह राम मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे, लेकिन मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय उनके कार्यक्रम से दूर रहेंगे। उन्हें आने से मना किया गया है। महाकुंभ में दान कम मिलने पर SIT को संदेह प्रयागराज महाकुंभ के समय 66 दिनों में 5 करोड़ श्रद्धालु राम मंदिर भी आए थे। इस दौरान मंदिर की दानपेटी से 100 करोड़ से भी कम दान मिलने को टीम संदेह की नजर से देख रही है। वहीं, मंदिर निर्माण प्रभारी गोपाल राव के रिश्ते में भतीजे लगने वाले सोमेश आनंद के बारे में भी जांच की जा रही है। सोमेश व्हील चेयर सेवा के प्रभारी भी हैं। उनका मंदिर परिसर की व्यवस्था में काफी दखल रहता है। वहीं, राम मंदिर में कार्यरत मयंक, शिवम पांडेय, अशीष दुबे और रत्नेश से भी SIT ने 18 जून को पूछताछ की। महिला ने पूरे गहने उतार कर रामलला को दिए थे, उनके बारे में भी पूछताछ रामलला को चढ़ने वाले सोने-चांदी समेत अन्य धातुओं की जिम्मेदारी में सहयोगी के रूप में काम करने वाले आशीष अग्निहोत्री से पूछताछ की गई। एक महिला ने अपने शरीर के पूरे आभूषण रामलला के सामने उतार कर अर्पित किए थे। इसका वीडियो भी सालभर पहले सामने आया था। इन गहनों के बारे में भी पूछताछ हुई। गहनों के रखरखाव में शामिल फूलकांत मिश्र नाम का कर्मचारी भी संदेह के घेरे में है। उससे कभी भी पूछताछ की जा सकती है। फूलकांत मिश्र चंपत राय के सहयोगी के रूप में राम मंदिर की सेवा में रहता है। हजारों में सैलरी और करोड़ों के मकान की तलाश रामलला के चढ़ावे की गिनती में लगे कर्मचारियों का वेतन 20 हजार से भी कम है। इसके बाद भी कई कर्मचारियों ने लाखों-करोड़ों रुपए में मकान और जमीन खरीदे। SIT इन लोगों की प्रॉपर्टी को लेकर भी पूछताछ कर सकती है। राम मंदिर से जुड़े ठेकों में मनमानी रकम की लेन-देन और कमीशन के आरोपों की जांच पर भी टीम का फोकस है। सीएम योगी आज राम मंदिर पहुंचेंगे, चंपत राय कार्यक्रमों से दूर रहेंगे राम मंदिर में चढ़ावा चोरी विवाद के बीच सीएम योगी आज अयोध्या आएंगे। वह राम मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे, लेकिन मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय से दूर रहेंगे। उन्हें कार्यक्रम में आने से मना किया गया है। सूत्रों के मुताबिक, प्रशासन ने सीएम का जो प्रोटोकॉल लेटर जारी किया, उसमें इस बात का जिक्र है। लेटर में पॉइंट नंबर- 29 में चंपत राय से अनुरोध किया गया है कि योगी के राम मंदिर कार्यक्रम के लिए वह किसी अन्य व्यक्ति को अपना प्रतिनिधि नामित करें। इसकी सूचना ड्यूटी मजिस्ट्रेट को दें। चंपत राय राम मंदिर के सबसे पावरफुल शख्स हैं। पूरे मंदिर की जिम्मेदारी उन्हीं के पास है। मंदिर में जब भी कोई वीआईपी कार्यक्रम या दौरा हुआ, चंपत राय उसमें हमेशा मौजूद रहे हैं। चार दिन में SIT ने 100 कर्मचारियों से पूछताछ की 18 जून (गुरुवार) को चौथे दिन SIT सुबह 8.30 बजे राम मंदिर पहुंची। कुल 10 घंटे पूछताछ की। शाम करीब 6.30 बजे टीम मंदिर से बाहर निकली। आज एसआईटी RMO (रेडियो प्रचार निरीक्षक) अर्जुन सिंह और राम जन्मभूमि चौकी प्रभारी से भी SIT पूछताछ कर सकती है। अर्जुन सिंह करीब 20 सालों से राम मंदिर में ड्यूटी कर रहे हैं। वह VIP दर्शन से लेकर राम मंदिर की प्रशासनिक व्यवस्थाओं से जुड़े रहे हैं। SIT चार दिनों में करीब 100 कर्मचारियों से पूछताछ कर चुकी है। टीम बीते 11 महीनों के दस्तावेज खंगाल रही है। मंदिर में CEO की नियुक्ति हो सकती है राम मंदिर में भी काशी के विश्वनाथ मंदिर की तरह (CEO) की नियुक्ति हो सकती है। CEO कोई सीनियर IAS होगा, जो राम मंदिर में व्यवस्था से जुड़े फैसले लेगा। इस पर ट्रस्ट और सरकार मंथन कर रही है। अब तक 2 करोड़ की बरामदगी चढ़ावा चोरी मामले में अब तक 5 लोगों- लवकुश, अवनीश, अनुकल्प, करुणे और रामशंकर उर्फ टिन्नू के नाम सामने आए हैं। इन लोगों की निशानदेही पर अब तक 2 करोड़ रुपए की रिकवरी हुई है। ये सभी दान राशि की गिनती की ड्यूटी से जुड़े हैं। मंदिर ट्रस्ट के कर्मचारी रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू के घर से 13 जून को सोना मिला। ट्रस्ट की टीम पुलिस के साथ उनके घर पहुंची थी। ट्रस्ट की जांच टीम ने गोपनीय तरीके से यह कार्रवाई की। इस मामले में ट्रस्ट और पुलिस का कोई अधिकारी बोलने को तैयार नहीं है। हालांकि, सोना कितना है, यह अभी कन्फर्म नहीं है। सूत्र बताते हैं कि इसकी कीमत करोड़ों में है। टिन्नू को ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय का करीबी माना जाता है। ट्रस्ट में वह काफी पावरफुल हैं। चाहे सिक्योरिटी का मैनेजमेंट हो या चढ़ावे को बैंक में जमा कराना हो, वही सब कुछ मैनेज करते हैं। सपा प्रमुख और पूर्व मंत्री ने चोरी का मुद्दा उठाया था सपा सरकार में मंत्री रह चुके पवन पांडेय ने रविवार 7 जून को दावा किया था कि राम मंदिर से 5 से साढ़े 7 करोड़ रुपए तक की चोरी की गई। अखिलेश ने भी कहा था कि मामले पर सरकार की चुप्पी संदिग्ध है। कोर्ट को मामला देखना चाहिए। चंपत राय ने सफाई दी थी कि अभी तक ऐसी कोई भी बात सामने नहीं आई है। विवाद बढ़ा तो भाजपा नेता डॉ. रजनीश सिंह ने 9 जून को प्रधानमंत्री को लेटर लिखकर CBI जांच की मांग की। अगले दिन यानी 10 जून को प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने मंदिर ट्रस्ट से मामले की रिपोर्ट मांग ली। चढ़ावा चोरी से जुड़ी हुई ये खबरें भी पढ़ें- राममंदिर आने वाला हर श्रद्धालु क्या ₹5 दान कर रहा:ट्रस्ट के दस्तावेजों में चौंकाने वाले फैक्ट दावा- सोने-चांदी की 1250 श्रीराम शिलाएं गायब:सबसे महंगी शिला मॉरीशस से आई थी; मुंबई के व्यापारी ने हीरे जड़ी शिला दान दी थी राम मंदिर से क्या 200 करोड़ का चढ़ावा चोरी हुआ:50 कर्मचारी रडार पर, कई 5 साल में करोड़पति हुए; अब तक 2 करोड़ कैश मिला राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के 3 जिम्मेदार:चंपत राय ने ट्रस्ट के सदस्यों से चोरी छिपाई; गोपाल राव ने CCTV चेक नहीं किए ————————- ये खबर भी पढ़िए- राममंदिर आने वाला हर श्रद्धालु क्या ₹5 दान कर रहा: ट्रस्ट के दस्तावेजों में चौंकाने वाले फैक्ट; 11 महीने में दान से ज्यादा ब्याज मिला अयोध्या के राम मंदिर में आने वाला हर श्रद्धालु सिर्फ 5 रुपए ही दान कर रहा है। यह फैक्ट श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के दस्तावेजों से सामने आया है। पिछले 11 महीने में मंदिर को जितना चढ़ावा मिला, उससे ज्यादा तो बैंक में जमा फंड पर ब्याज मिल गया है। पढ़ें पूरी खबर…