नैनीताल जिले के रामनगर में पुलिस ने एक रिसॉर्ट में कथित अनैतिक देह व्यापार, शराब और नशे की पार्टी पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 51 लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि विवादित किशोर को संरक्षण में लिया गया है। मौके से 10 महिलाएं मिली हैं, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस ने रिसॉर्ट को सील कर दिया है, जबकि इसका जनरल मैनेजर फरार है। कार्रवाई शनिवार देर रात सांवल्दे क्षेत्र स्थित एक्रोन हाईडवे रिसॉर्ट में की गई। रविवार रात करीब 8 बजे एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने मीडिया को जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, रिसॉर्ट को 4 से 5 जुलाई तक करीब 2.20 लाख रुपए में बुक किया गया था। पार्टी में यूपी, दिल्ली समेत बाहरी राज्यों से लोग पहुंचे थे। सिलसिलेवार ढंग से पूरी खबर… 1. मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई- एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट, एसओजी और रामनगर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। पुलिस को सूचना मिली थी कि रिसॉर्ट में महिलाओं को बुलाकर पार्टी कराई जा रही है और अनैतिक गतिविधियां चल रही हैं। पुलिस टीम ने देर रात रिसॉर्ट में छापा मारा। वहां 51 पुरुष और एक किशोर महिलाओं के साथ आपत्तिजनक हालत में मिले। पुलिस के मुताबिक, पार्टी में शराब, नशा, अश्लील डांस और महिलाओं पर नोट उड़ाने जैसी गतिविधियां हो रही थीं। 2. मेरठ के कारोबारी ने कराई पार्टी- पूछताछ में मुख्य आयोजक उमेन्द्र कुमार, निवासी मेरठ, ने बताया कि वह कीटनाशक निर्माण कंपनी चलाता है। उसने कंपनी से जुड़े लोगों के मनोरंजन के लिए पार्टी आयोजित की थी। पुलिस के अनुसार, उमेन्द्र ने करीब 10 दिन पहले रिसॉर्ट के जनरल मैनेजर लखेन्द्र चौधरी से संपर्क किया था। उसने शराब, महिलाओं और “एक्स्ट्रा सर्विस” की व्यवस्था करने को कहा था। आरोपी सुनील कुमार के जरिए राहुल गुप्ता उर्फ सन्नी ने प्रति महिला 10 हजार रुपए के हिसाब से व्यवस्था कराई। 3. रजिस्टर में नहीं की गई एंट्री- जांच में सामने आया कि रिसॉर्ट के जनरल मैनेजर ने स्टाफ को निर्देश दिए थे कि पार्टी में आने वाले लोगों और महिलाओं की एंट्री विजिटर रजिस्टर में न की जाए। पुलिस इसे साक्ष्य छिपाने की कोशिश मान रही है। फरार जनरल मैनेजर लखेन्द्र चौधरी की तलाश की जा रही है। पुलिस ने रिसॉर्ट में कथित अनैतिक गतिविधियां और साक्ष्य छिपाने के प्रयास मिलने पर उसे सील कर दिया है। 4. शराब, नकली नोट और आपत्तिजनक सामग्री बरामद- पुलिस ने रिसॉर्ट से शराब की 3 पेटियां, बीयर की एक पेटी, 10 रुपए के नकली नोटों की 24 गड्डियां, महिलाओं पर उड़ाए गए नोटों का पुलिंदा, आपत्तिजनक सामग्री, लैपटॉप और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मोबाइल फोन में पार्टी के आयोजन, महिलाओं की फोटो और चैट से जुड़ी सामग्री मिली है। पुलिस ने डांस कार्यक्रम में इस्तेमाल म्यूजिक सिस्टम, एम्पलीफायर और साउंड बॉक्स भी कब्जे में लिए हैं। 5. 51 आरोपियों के खिलाफ केस- रामनगर कोतवाली में 51 आरोपियों और एक किशोर के खिलाफ बीएनएस की धारा 143, अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3, 5 और 6, पॉक्सो एक्ट की धारा 14, आबकारी अधिनियम की धारा 60/21 और किशोर न्याय अधिनियम की धारा 77 में केस दर्ज किया गया है। गिरफ्तारों की सूची में 31 आरोपी उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इसके अलावा दिल्ली के 4 आरोपी, मेरठ का 1 आरोपी और एक विधि विवादित किशोर शामिल है। पुलिस का कहना है कि महिलाओं को कहां से लाया गया, इस नेटवर्क में कौन-कौन शामिल है और रिसॉर्ट में पहले भी ऐसी पार्टियां हुईं या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। ——————————————– ये खबर भी पढ़ें… जर्मन महिला की पिथौरागढ़ से नेपाल में एंट्री की कोशिश:SSB ने रोका तो दिखाया आधार कार्ड; सुरक्षा एजेंसियों ने वापस लौटाया पिथौरागढ़ से नेपाल में एंट्री ले रही जर्मनी की एक महिला को सशस्त्र सीमा बल (SSB) और सुरक्षा एजेंसियों ने वापस लौटा दिया है। जर्मन महिला की पहचान बारबरा रीनट क्राउज के रूप में हुई है। वह बिजनेस वीजा पर गोवा में रह रही है और उसके पास भारतीय आधार कार्ड भी है। (पढ़ें पूरी खबर)