4 मेडल जीतने वाले कबड्डी खिलाड़ी की अफेयर में हत्या:शामली में पेट-सिर में गोली मारी, गर्लफ्रेंड के भाई ने इंस्टाग्राम चैट देखी थी

शामली में शनिवार सुबह 22 साल के कबड्‌डी खिलाड़ी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। खिलाड़ी का अपने दोस्त की चचेरी बहन से अफेयर था। आरोपी दोस्त ने इंस्टाग्राम पर दोनों की चैट पढ़ ली थी। इसे लेकर 15 दिन पहले दोनों के बीच झगड़ा भी हुआ था। कबड्‌डी खिलाड़ी मोहना उर्फ मोनू बागपत का रहने वाला था। वह सुबह साढ़े 5 बजे बाइक से शामली आया था। तभी आरोपी ने दो दोस्तों के साथ उसे कांधला के नाला जंगल गांव में रोक लिया। पहले उसके पेट में गोली मारी। वह जब जान बचाने के लिए खेत में भागा तो दौड़ाकर सिर में गोली मार दी। मोनू प्रदेश स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिताओं में एक स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक जीत चुका था। मंडल स्तरीय प्रतियोगिताओं में दो स्वर्ण, तीन रजत और चार कांस्य पदक हासिल किए थे। वहीं, जिला स्तर पर उसने पांच स्वर्ण समेत कुल आठ पदक जीते थे। घटना से जुड़ी 2 तस्वीरें… अब पूरी घटना विस्तार से… बागपत के ककड़ीपुर गांव का रहने वाले मोहना उर्फ मोनू कबड्डी खेलने के साथ फसलों में दवाई स्प्रे करने की ठेकेदारी करता था। उसके पास अपना टैंकर था। जिससे वो आसपास के किसानों के खेतों में कीटनाशक दवाओं का स्प्रे करवाता था। पिता सुरेंद्र ने पुलिस को बताया कि मोनू शनिवार सुबह करीब 5:15 बजे अपने घर से नाला गांव में मजदूरों को लेने निकला था। वह काफी देर तक घर वापस नही लौटा इसी चिंता में परिवार के लोग उसकी तलाश कर रहे थे। बाइक सड़क पर शव खेत में पड़ा मिला मोनू का शव रजवाहे की पटरी के पास किसान परविंदर के गन्ने के खेत में पड़ा मिला। उसके सिर पर गोली लगी थी। जबकि, बाइक 10 मीटर पहले रोड पर पड़ी थी। परविंदर ने शव देखकर तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी। ASP सुमित शुक्ला और सीओ कैराना हेमंत कुमार समेत कांधला पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को भी पर बुलाया गया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस को मौके से एक जिंदा कारतूस और एक खोखा पड़ा मिला। कबड्डी प्रतियोगिता से दोस्त बने मोनू-कार्तिक पुलिस ने सर्विलांस की मदद और सबूतों को जोड़कर जांच की तो शक की सूई मोनू के दोस्त कार्तिक की ओर गई। पुलिस ने हत्या के 4 घंटे बाद ही उसे हिरासत में ले लिया। सख्ती से पूछताछ की तो कार्तिक ने हत्या की बात कबूल कर ली। कार्तिक ने पुलिस को बताया कि मोनू की हत्या में उसके दो दोस्त और चाचा भी शामिल थे। उसने बताया कि मोनू और वह कभी बेहद करीबी दोस्त थे। दोनों कई कबड्डी प्रतियोगिताओं में साथ खेल चुके थे। दोनों ने मध्य प्रदेश में आयोजित प्रतियोगिता में एक साथ हिस्सा भी लिया था। बहन के इंस्टाग्राम से कार्तिक ने मोनू को ट्रेस किया कार्तिक ने बताया कि उसकी बहन ने कुछ समय पहले उसके मोबाइल में अपनी इंस्टाग्राम आईडी लॉग-इन की थी। लेकिन वह उसे लॉग आउट करना भूल गई। इसी दौरान मोनू ने उसकी बहन को जो मैसेज भेजे थे। उसे कार्तिक ने पढ़ लिया। चैट में उसकी बहन को लेकर आपत्तिजनक बातें लिखी गई थीं। कार्तिक ने मोनू को कई बार समझाने और बातचीत बंद करने के लिए कहा, लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद उसने मोनू को सबक सिखाने की ठान ली। कार्तिक ने मोनू की हत्या की प्लानिंग रची। इसमें उसने अपने दोस्तों अर्जुन, सत्यम और चाचा ओमपाल को भी शामिल किया। गला दबाने के बाद सिर में मारी गोली कार्तिक को पहले से पता था कि मोनू ने एक साल पहले खेतों में कीटनाशक दवा के छिड़काव का ठेका ले रहा था। इसके लिए वह रोज शामली के नाला और आसपास के गांवों से सुबह मजदूरों को लेता था। मोनू शाम को बाइक से ही मजदूरों को वापस छोड़ने जाता था। कार्तिक ने पुलिस को बताया कि वो दो दोस्त के साथ शनिवार सुबह मोनू के पास पहुंचा। उन्हें देखकर मोनू रुक गया, जिसके बाद उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। अर्जुन ने गोली चला दी, जो मोनू के पेट में लगी। गोली लगते ही मोनू बाइक छोड़कर जान बचाने के लिए भागा। लेकिन पास के गन्ने के खेत में जाकर गिर पड़ा। कार्तिक दोनों दोस्तों के साथ मोनू का पीछा करते हुए खेत में पहुंचा। वहां उसे पकड़कर दोबारा पीटा। फिर उसका गला दबा दिया। सत्यम ने उसके सिर में गोली मार दी। मोनू की हत्या करने के बाद तीनों मौके से फरार हो गए। हत्या के बाद दिल्ली भागने की प्लानिंग थी कार्तिक ने बताया कि वारदात के बाद वह अपने दोनों साथियों के साथ दिल्ली जाकर किराए के फ्लैट में रहने की योजना बना चुका था। दोनों साथियों का पूरा खर्च भी वह खुद उठाने वाला था। उन्हें भरोसा था कि हत्या के बाद वे आसानी से फरार हो जाएंगे। पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया- वारदात में शामिल आरोपी कार्तिक, सत्यम और अर्जुन ने 12वीं तक की पढ़ाई की है। तीनों कोई नौकरी या व्यवसाय नहीं करते थे और अपने परिजनों के साथ खेती-बाड़ी में हाथ बंटाते थे। —————————– ये खबर भी पढ़ेंः- सीतापुर में भाई ने नाबालिग बहन को काट डाला, दौड़ाकर बांके से गर्दन पर वार किए यूपी के सीतापुर में भाई ने 17 साल की बहन की हत्या कर दी। बहन को दौड़ाकर गले पर बांके से हमला किया। वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ी। इसके बाद भी आरोपी ने कई वार किए। बेटी की चीख सुनकर मां दौड़कर पहुंची। उन्हें देखकर आरोपी भाई (22) भाग गया। पूरी खबर पढ़ें…