यूपी में जोरदार बारिश, एक छाते के नीचे निकले केशव-ब्रजेश:मथुरा में बाइक-स्कूटी डूबी, शामली में सड़कें नदी बनीं, कार बही

यूपी में मानसून ने फिर तेजी पकड़ ली है। मंगलवार सुबह से लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी-मथुरा समेत 50 से ज्यादा शहरों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। सबसे ज्यादा 71 मिमी बारिश कन्नौज में हुई। बाकी जिलों में बादल छाए हैं। मथुरा में भारी बारिश की वजह से अंडरपास में 4 फीट तक पानी भर गया। कई स्कूटी और बाइक डूब गईं। लोग कमर तक पानी में चलते दिखाई दिए। लखनऊ में रिमझिम बारिश के बीच डिप्टी सीएम केशव मौर्य और ब्रजेश पाठक एक ही छाते के नीचे चलते दिखे। उन्नाव में 15 घंटों से रिमझिम बारिश हो रही है। सोमवार रात 9 बजे शुरू हुआ तेज बारिश का सिलसिला मंगलवार दोपहर तक जारी है। सड़कें तालाब बन गईं। घरों में पानी घुस गया। कई इलाकों की बिजली गुल है। बाराबंकी में 4 घंटे की मूसलाधार बारिश से बस स्टेशन परिसर में जलभराव हो गया। रायबरेली में भारी बारिश की वजह से कक्षा-8 तक के स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई। यहां बछरावां थाना क्षेत्र के जीगोलाल खेड़ा गांव में 11 हजार लाइन के खंभे पर बिजली गिरी। आगरा में भी रात 1 बजे से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। प्राइवेट स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। मौसम विभाग (IMD) ने आज प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें से 72 जिलों में भारी बारिश हो सकती है। 5 अगस्त को लखनऊ, वाराणसी, मेरठ समेत 65 शहरों में भारी बारिश की संभावना है। बिजली भी गिर सकती है। उधर, पहाड़ी इलाकों में हो रही लगातार बारिश से यूपी में गंगा, घाघरा और शारदा समेत 10 नदियां उफान पर हैं। फर्रुखाबाद के 24 और बिजनौर के 6 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। गलियों में नावें चल रही हैं। दोनों शहरों में स्टेट हाईवे पर पिछले 5 दिनों से गंगा का पानी बह रहा है। बिजनौर के चांदपुर में सड़क बहने से 12 फीट गहरा गड्ढा बन गया है। पिछले 24 घंटे की बात करें तो कन्नौज के बाद कानपुर में 31.2 मिमी. और लखनऊ में 31 मिमी. बारिश हुई। यह एक दिन में औसत बारिश से 4 गुना ज्यादा है। बारिश-बाढ़ की तस्वीरें… लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- मानसूनी सिस्टम अब यूपी के ऊपर एक्टिव हो गया है। यह दिल्ली, लखनऊ और पटना से होकर गुजर रहा है। इस वजह से कई चक्रवात सक्रिय हो गए हैं। गंगा के मैदानी इलाकों में मानसूनी हवाएं मजबूत हुई हैं। इसके असर से अगले 4 से 5 दिनों तक पूरे प्रदेश में झमाझम बारिश होगी। कल कहां-कहां बारिश की संभावना, देखिए कन्नौज में 71 मिमी बारिश, जानिए टॉप 10 शहर, जहां सबसे ज्यादा बादल बरसे यूपी में मौसम के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…