गोरखपुर में एक महिला डॉक्टर ने अपने डॉक्टर पति, सास-ससुर और ननद पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि पति ने उसे नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश किया। फिर न्यूड फोटो-वीडियो बना लिए। इसके बाद वायरल करने की धमकी देने लगा। पति ने ब्लैकमेल कर फॉर्च्यूनर खरीदने के लिए 32.50 लाख रुपए और एफडी के 10 लाख रुपए ले लिए। फिर बिना तलाक दिए दूसरी शादी भी कर ली। विरोध करने पर जान से मारने की कोशिश की। पत्नी ने बताया कि पति बेहोशी का डॉक्टर (एनेस्थेसियोलॉजिस्ट) है। उसके कई लड़कियों के साथ संबंध हैं। महिला ने सोमवार रात 9 बजे पति, सास-ससुर और ननद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। मामला शाहपुर थाना क्षेत्र का है। शादी में 50 लाख खर्च किए, फिर फॉर्च्यूनर कार मांगने लगे शाहपुर इलाके में रहने वाली 35 साल की महिला डॉक्टर वर्तमान में बस्ती में तैनात हैं। उनके पिता इंजीनियर हैं। मंगलवार को उन्होंने पति, सास-ससुर और ननद के खिलाफ हत्या का प्रयास, बिना तलाक दूसरी शादी करने, मारपीट और दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कराया। पुलिस को दी शिकायत में बताया- 29 नवंबर, 2019 छत्तीसगढ़ के नाभपुर में रहने वाले डॉक्टर से मेरी शादी हुई थी। 30 नवंबर को मैं विदा होकर ससुराल चली गई थी। मैं घर की इकलौती हूं। इसलिए पिता ने मेरी शादी में 50 लाख रुपए खर्च किए। इसके बावजूद ससुराल में पहले ही दिन से ताना मारा जाने लगा कि इंजीनियर पिता की इकलौती बेटी होने के बाद भी फॉर्च्यूनर कार नहीं दे पाए। बाद में पति भी फॉर्च्यूनर खरीदने के लिए पैसे मांगने का दबाव बनाने लगा। मना करने पर पति के साथ ही सास-ससुर और ननद भी मुझे प्रताड़ित करने लगे। नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश करते, फिर न्यूड वीडियो बनाते महिला डॉक्टर ने बताया- पति कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश कर देता था। इसके बाद मुझे न्यूड कर वीडियो बना लेता था। इसके बाद वीडियो दिखाकर मुझे ब्लैकमेल करने लगा। कहता कि पैसे का इंतजाम नहीं करोगी, तो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दूंगा। कहीं मुंह दिखाने लायक नहीं रहोगी। मैंने यह बात अपने माता-पिता को बताई। उन्होंने शादी बचाने के लिए 28 मार्च, 2022 को पैसे का इंतजाम कर फॉर्च्यूनर खरीदने के लिए 32.50 लाख रुपए मेरी ससुरालवालों को दिए। इसके बाद 14 अप्रैल, 2022 को मेरे बेटा हुआ। फिर भी पति के आदत में बदलाव नहीं आया। मेरी भारतीय डाकघर अलीनगर गोरखपुर में 20 लाख की एफडी थी। पति ने उसे तुड़वा दिया और 10 लाख रुपए ले लिए। पति-पत्नी का अलग-अलग ट्रांसफर हो गया महिला डॉक्टर ने बताया- इसी बीच मेरे पति की पोस्टिंग लखनऊ के बलरामपुर हॉस्पिटल में हो गई। लेकिन, वह बस्ती में ही रहता था। जबकि, मेरी पोस्टिंग फतेहपुर चिकित्सालय में हो गई। कुछ दिन तक हम दोनों ने अलग-अलग जगहों पर काम किया। इसके बाद मेरी पोस्टिंग बस्ती के एक अस्पताल में हो गई। यहां आने पर मुझे पता चला कि पति का कई महिलाओं से संबंध हो चुका है। यह बात पति से पूछी, तो वह मुझसे मारपीट करने लगा। बार-बार तलाक देने की धमकी देता था। इसी बीच, 26 नवंबर, 2024 को मेरे बेटी हुई। इस दौरान मैं अपनी ससुराल चली गई। पति बोला- दो पत्नियां एक साथ रखूंगा महिला डॉक्टर ने बताया- पति एनेस्थिसिया विभाग में काम करने वाली एक महिला डॉक्टर को अपने साथ रखने लगा। उसे घर भी लाने लगा। मैंने विरोध किया, तो पति और सास-ससुर ने मुझे बेरहमी से पीटा। ससुराल वालों ने पति की उस दूसरी महिला डॉक्टर से शादी करा दी। पति कहता है कि दोनों पत्नियों को साथ रखूंगा। सभी लोग मिलकर कमाएंगे। 13 फरवरी, 2025 को दोनों हनीमून पर छत्तीसगढ़ एयरपोर्ट से फ्लाइट पकड़कर पुणे (महाराष्ट्र) गए थे। वहां 4 दिन रुके थे। रस्सी में बांधकर लटका दिया महिला डॉक्टर ने बताया- मेरे पति ने बिना तलाक दिए दूसरी शादी की। इसका मैं लगातार विरोध करती रही। इसी बीच 7 मई, 2026 को पति के साथ ससुरालवालों ने मुझे मार-पीटकर गले में रस्सी बांधकर पंखे पर टांग दिया। लेकिन, रस्सी टूटने की वजह से मेरी जान बच गई। इसके बाद मुझे दोनों बच्चों के साथ मारपीट कर घर से निकाल दिया गया। ससुरालवाले तलाक कराने के लिए 12 जुलाई, 2026 को शाहपुर स्थित मेरे घर पर आए। वे मेरे बेटे को ले जाना चाहते थे। ससुर ने कहा कि मेरे बेटे की दूसरी शादी हो गई है। तलाक के पेपर पर साइन कर दो। मैंने बच्चों का हवाला देते हुए मना कर दिया। इस पर पति के साथ ही ससुर ने मुझ पर हमला कर दिया, जिसमें मैं घायल हो गई। शाहपुर थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि महिला डॉक्टर की शिकायत पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच कर साक्ष्य के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। ———————- ये खबर भी पढ़ेंः- पति ने सुसाइड किया तो गर्भवती पत्नी ने तेजाब पिया:कानपुर में आईसीयू में एडमिट, 2 साल पहले दिल्ली में लव-मैरिज की थी यूपी में हमीरपुर के रहने वाले एक युवक ने बेंगलुरु में सुसाइड कर लिया। फंदे पर लटकते वक्त उसने पत्नी को वीडियो कॉल की। पत्नी घबरा गई और घरवालों को यह बात बताई। मां ने तुरंत बेंगलुरु में बेटे के साथियों को फोन किया। कहा कि कमरे में जाकर बेटे को बचाओ। लेकिन, जब तक दरवाजा तोड़कर लोग अंदर पहुंचे, बेटे की मौत हो चुकी थी। पढ़ें पूरी खबर..