पति ने सुसाइड किया तो गर्भवती पत्नी ने तेजाब पिया:कानपुर में आईसीयू में एडमिट, 2 साल पहले दिल्ली में लव-मैरिज की थी

यूपी में हमीरपुर के रहने वाले एक युवक ने बेंगलुरु में सुसाइड कर लिया। फंदे पर लटकते वक्त उसने पत्नी को वीडियो कॉल की। पत्नी घबरा गई और घरवालों को यह बात बताई। मां ने तुरंत बेंगलुरु में बेटे के साथियों को फोन किया। कहा कि कमरे में जाकर बेटे को बचाओ। लेकिन, जब तक दरवाजा तोड़कर लोग अंदर पहुंचे, बेटे की मौत हो चुकी थी। पति की मौत की खबर मिलते ही पत्नी ने टायलेट क्लीनर (तेजाब) पी लिया। वह 4 महीने की गर्भवती थी। हालत गंभीर होने पर उसे कानपुर हैलट रेफर किया गया है। 2 साल पहले दोनों ने दिल्ली में लव मैरिज की थी। मामला सोमवार रात 2 बजे जिला मुख्यालय से 60 किमी दूर राठ कस्बे का है। पुलिस ने बताया- युवक का नाम रोहित और पत्नी का नाम नंदिनी है। पत्नी से चैटिंग के बाद वीडियो कॉल की राठ के फरसौलियाना मोहल्ले का रहने वाला रोहित वर्मा (32) बेंगलुरु में कपड़े की दुकान पर काम करता था। रोहित ने 2 साल पहले दिल्ली की रहने वाली नंदिनी से लव मैरिज की थी। करीब 2 महीने पहले रोहित के पिता वीरेंद्र वर्मा की मौत हो गई थी। तब पिता के अंतिम संस्कार में शामिल होने रोहित और नंदिनी राठ आए थे। कुछ दिन रुककर रोहित दोबारा बेंगलुरु लौट गया था। नंदिनी प्रेग्नेंट होने की वजह से सास के पास ही रुक गई थी। परिवार के मुताबिक, पिछले 3-4 दिन से रोहित और नंदिनी के बीच किसी बात को लेकर लड़ाई चल रही थी। दोनों फोन पर एक-दूसरे से झगड़ा करते थे। पति-पत्नी में झगड़ा इस कदर बढ़ गया था कि रोहित ने नंदिनी का मोबाइल नंबर “नागिन” नाम से सेव कर रखा था। सोमवार को भी दोनों की लड़ाई हुई थी। देर रात रोहित ने पत्नी को वॉट्सएप पर कई मैसेज किए। इसके बाद नंदनी को वीडियो कॉल की। कहा कि मैं मरने जा रहा हूं। रोहित के सुसाइड से जुड़े दो 2 वीडियो भी सामने आए हैं। परिवार कोसने लगा तो पत्नी ने तेजाब पीया रोहित के सुसाइड का पता चलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सभी पत्नी नंदिनी को भला-बुरा कहने लगे। इस पर नंदिनी अपने कमरे में गई और तेजाब पी लिया। गर्भवती होने के चलते उसकी हालत बिगड़ती चली गई। उसे पहले उरई, फिर कानपुर रेफर कर दिया। उसे हैलट में आईसीयू में एडमिट किया गया है। वहीं, रोहित के चाचा और अन्य रिश्तेदार बेंगलुरु रवाना हो गए हैं। शव को राठ लाया जाएगा, यहां अंतिम संस्कार किया जाएगा। राठ कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है। बेंगलुरु पुलिस से भी संपर्क कर पुष्टि की जा रही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। ———————- ये खबर भी पढ़ेंः- मालिक की जान बचाने के लिए कोबरा से भिड़ा कुत्ता, बलिया में एक घंटे तक लड़ता रहा बलिया में एक लैब्राडोर कुत्ते ने अपने मालिक के परिवार को कोबरा से बचाने के लिए अपनी जान कुर्बान कर दी। रविवार रात करीब 2 बजे कुत्ते को घर के बाहर एक कोबरा दिखाई दिया। कोबरा फन फैलाकर फुफकार रहा था। इसके बाद कुत्ता लगातार भौंकने लगा। इसी दौरान कोबरा ने कुत्ते पर हमला कर दिया। फिर कुत्ते ने भी कोबरा को दबोच लिया। पढ़ें पूरी खबर…