यूपी में हाईवे पर बही गंगा, स्कूल नदी में समाया:डैम ओवरफ्लो, शामली में कार बही, 3 की मौत; 75 जिलों में बारिश का अलर्ट

यूपी में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। लगातार हो रही बारिश से नदियां उफान पर हैं। बिजनौर और फर्रुखाबाद में गंगा नदी खतरे का निशान पार कर चुकी है। 40 से ज्यादा गांव बाढ़ की चपेट में हैं। नदी का पानी हाईवे के ऊपर से बह रहा है। बिजनौर में हाईवे की अप्रोच रोड नदी के तेज बहाव में बह गई। सड़क पर 12 फीट गहरा गड्ढा हो गया। वहीं, फर्रुखाबाद में चित्रकूट डिप के पास बैरिकेडिंग कर हाईवे को बंद करना पड़ा। अब गाड़ियां डायवर्टेड (दूसरे) रूट से निकाली जा रही हैं। बुधवार सुबह से कानपुर और बिजनौर समेत 5 शहरों में तेज बारिश हो रही है। वहीं, लखनऊ, बाराबंकी, प्रयागराज और वाराणसी समेत 30 शहरों में बादल छाए हुए हैं। आज सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट है। 65 शहरों में भारी बारिश के आसार हैं। इससे पहले, मंगलवार को लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज और मथुरा समेत 57 शहरों में बारिश हुई। सबसे ज्यादा 71 मिमी बारिश कन्नौज में हुई। लखनऊ में 31 मिमी बारिश हुई। मथुरा में भारी बारिश की वजह से अंडरपास में 4 फीट तक पानी भर गया। स्कूटी और बाइकें डूब गईं। शामली में पानी के तेज बहाव में एक कार बह गई। एक स्कूल बस अंडरपास में फंस गई। उसे ट्रैक्टर की मदद से बाहर निकाला गया। मिर्जापुर में बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं में 3 लोगों की जान चली गई। सिक्स-लेन सड़क निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। बिजली गिरने से 25 साल के एक युवक की जान चली गई। बारिश-बाढ़ की तस्वीरें… लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- मानसूनी सिस्टम अब यूपी के ऊपर एक्टिव हो गया है। यह दिल्ली, लखनऊ और पटना से होकर गुजर रहा है। इस वजह से कई चक्रवात सक्रिय हो गए हैं। गंगा के मैदानी इलाकों में मानसूनी हवाएं मजबूत हुई हैं। इसके असर से अगले 4 से 5 दिनों तक पूरे प्रदेश में झमाझम बारिश होगी। आज कहां-कहां बारिश की संभावना, देखिए कन्नौज में 71 मिमी बारिश, जानिए टॉप 10 शहर, जहां सबसे ज्यादा बादल बरसे यूपी में मौसम के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…