लखनऊ में बुधवार को BCA छात्रा की उसके ही घर में गला रेतकर हत्या कर दी गई। छात्रा का शव घर के फर्स्ट फ्लोर पर बने कमरे में मिला। छात्रा के शव के पास उसका क्लासमेट भी गंभीर हालत में तड़प रहा था। घटना के समय छात्रा घर पर अकेली थी। हत्या का उस वक्त पता चला, जब छात्रा की बड़ी बहन कॉलेज से लौटकर करीब 3.30 बजे घर आई। बहन की लाश और उसके दोस्त को तड़पता देख उसने पुलिस और परिवारवालों को सूचना दी। पुलिस की जांच में सामने आया कि दोस्त ने ही सब्जी काटने वाले चाकू से गला रेतकर छात्रा की हत्या की है। घटना पारा इलाके के नरपतखेड़ा की है। छात्रा के माता-पिता बेटी की हत्या की खबर मिलते ही गृह जनपद अमेठी से लखनऊ लौटे। पुलिस ने छात्रा का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाने के साथ ही उसके दोस्त को इलाज के लिए लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया है। BCA फर्स्ट इयर की छात्रा थी स्मृति स्मृति पांडेय (17) टीएस मिश्रा कॉलेज में बीसीए (BCA) फर्स्ट इयर की छात्रा थी। पिता ने पुलिस को बताया कि स्मृति की बड़ी बहन जागृति (22) बुधवार सुबह 9 बजे कॉलेज गई थी। वह दोपहर को लौटकर घर आई तो नीचे के फ्लोर पर कोई नहीं दिखा। इसके बाद जागृति बहन को आवाज लगाते हुए फर्स्ट फ्लोर पर गई। ऊपर के कमरे में घुसते ही जागृति ने स्मृति का खून से लथपथ शव बेड के पास देखा। वहीं पास में उसके साथ पढ़ने वाला देवांश पाठक भी घायल पड़ा था। बेटी ने तुरंत पुलिस और हम लोगों को फोन करके घटना की जानकारी दी। इसके बाद हम लोग अमेठी से तुरंत ही लखनऊ के लिए निकले। सब्जी काटने वाला चाकू लाया था देवांश डीसीपी कमलेश दीक्षित ने बताया कि आरोपी देवांश को गिरफ्तार किया गया है। वह स्मृति के घर में अकेले होने का मौका देखकर पहुंचा था। देवांश अपने साथ सब्जी काटने वाला चाकू भी लाया था। दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ. जिसके बाद देवांश ने चाकू से गला रेतकर स्मृति की हत्या कर दी। पुलिस ने देवांश के पास से छात्रा की हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी-छात्रा के बीच प्रेम संबंध भी थे। दोनों ने साथ में इंटर पास किया था। इसके बाद एस मिश्रा कॉलेज में बीसीए में एडमिशन लिया था। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसके मोबाइल की जांच की जा रही है। पड़ोसी बोले- अंदर से चीखने की आवाजें आ रही थीं पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि दोपहर के समय घर से लड़ाई-झगड़े और चीखने-चिल्लाने जैसी आवाजें सुनाई दे रही थीं। हालांकि, उन्होंने इसे घर का निजी मामला समझकर टोकाटाकी नहीं की। बाद में पता चला कि घर के अंदर ही बेटी की हत्या कर दी गई। छात्रा स्मृति के पिता शैलेन्द्र पांडेय भारतीय सेना से नायब सूबेदार पद से रिटायर हैं। वह अभी एनसीसी में इंस्ट्रक्टर के तौर पर कानपुर में कार्यरत हैं। जबकि, मां किरण पांडेय गृहिणी हैं। स्मृति का भाई सचिन्द्र प्रयागराज में एसएससी परीक्षा की तैयारी कर रहा है। छात्रा के परिवार वाले सोमवार को गृह जनपद अमेठी गए थे। डीसीपी कमलेश दीक्षित ने बताया- पारा थाना क्षेत्र के नरपतखेड़ा में आज एक छात्रा की हत्या की सूचना मिली है। उसके गले पर धारदार हथियार से चोट के निशान थे। छात्रा के शव के पास में उसका दोस्त भी घायल हालत में पड़ा था। —————– यह खबर भी पढ़िए… 50 साल के व्यक्ति को महिला ने 35 चप्पल जड़े, लखनऊ में 500 मीटर तक दौड़ा-दौड़ाकर पीटा लखनऊ में छेड़खानी के विरोध में 38 साल की महिला ने 50 साल के व्यक्ति को डेढ़ मिनट में 35 से ज्यादा चप्पल जड़े। वह भागने लगा तो उसे करीब 500 मीटर तक दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। मौके पर भीड़ जुट गई। आरोपी ने महिला से हाथ जोड़कर माफी मांगी। पूरी खबर पढ़ें