शिवपाल बोले- आजम को जमीन पर लिटाया जा रहा:उन्हें बहुत तकलीफ, हर जुल्म का बदला लेंगे; रामपुर जेल में 1 घंटे तक हुई बातचीत

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने बुधवार को रामपुर जिला जेल में आजम खान से मुलाकात की। जेल में बंद पूर्व मंत्री आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला से उन्होंने करीब एक घंटे तक बातचीत की। शिवपाल इसके बाद आजम खान के घर पहुंचे। यहां उन्होंने उनकी पत्नी पूर्व सांसद तंजीन फातिमा और बड़े बेटे अदीब आजम से मुलाकात की। इसके बाद वह जौहर यूनिवर्सिटी पहुंचे, जहां विश्वविद्यालय प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक की। शिवपाल यादव ने कहा, “आजम खान के साथ बहुत जुल्म हुए हैं। सरकार बनने पर जिन्होंने जुल्म किया है, उन पर कार्रवाई करेंगे। आजम खान पर हुए जुल्म का बदला लेंगे। वह बहुत तकलीफ में हैं। इतने बड़े लीडर को जमीन पर लिटाया जा रहा है। उन्हें न दवाई दी जा रही है और न कपड़े दिए जा रहे हैं।” उन्होंने बताया, “जेल से आजम खान ने संदेश भेजा है कि पूरे उत्तर प्रदेश में जाइए और 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाइए। दौरा करिए। अखिलेश यादव से भी कहिएगा कि दौरा करें। सरकार बनाना ही मुख्य लक्ष्य है।” शिवपाल ने कहा- इस सरकार में सभी अधिकारी लुटेरे हो गए हैं। सब डकैती डाल रहे हैं। मंत्री बेईमान हैं। काम भी नहीं करते और रिश्वत भी ले रहे हैं। इनको इस बार हराना है। अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनना है, आजम खान को गृहमंत्री बनाना है। शिवपाल यादव बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे जिला कारागार पहुंचे थे। जेल के बाहर सपाइयों ने उनका जोरदार स्वागत किया। जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े मामलों को देखते हुए उनके दौरे को लेकर प्रशासन भी सक्रिय रहा। उनकी सुरक्षा के मद्देनजर चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया था। आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम के खिलाफ फर्जी पैन कार्ड मामले में 17 नवंबर 2025 को कोर्ट ने फैसला सुनाया था। MP/MLA कोर्ट ने पिता-पुत्र को 7-7 साल की सजा सुनाई थी। शिवपाल यादव के दौरे की तस्वीरें देखिए… शिवपाल यादव के रामपुर दौरे के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…