फतेहपुर में सरकारी टीचर की पत्नी की हत्या का पुलिस ने बुधवार शाम करीब 4 बजे खुलासा कर दिया। पुलिस के मुताबिक, पति को शक था कि उसकी पत्नी के किसी दूसरे व्यक्ति से अवैध संबंध हैं। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। 8 अगस्त की सुबह शालिनी आंगन में बर्तन धो रही थी। तभी उसके पति ने पीछे से कुकर के ढक्कन से उसके सिर पर तीन बार वार किए। हमले में शालिनी बेहोश होकर गिर गई। इसके बाद आरोपी ने उसे पानी से भरे प्लास्टिक के टब में डाल दिया और गर्दन पकड़कर उसका सिर पानी में डुबोए रखा। कुछ देर बाद दम घुटने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। मामला सदर कोतवाली क्षेत्र का है। परिजनों ने हत्या कर हादसा दिखाने का आरोप लगाया गांव जखनी के रहने वाले पूर्व ग्राम प्रधान धर्म सिंह यादव की बेटी शालिनी की शादी 3 दिसंबर, 2017 को असोथर गांव के दिलीप से हुई थी। दिलीप प्राथमिक स्कूल में सहायक अध्यापक था, जबकि शालिनी शहर के एक निजी स्कूल में पढ़ाती थीं। दोनों पिछले 9 महीने से नासिरपीर मोहल्ले में किराए के मकान में रह रहे थे। उनका 8 साल का बेटा दर्शित है। शालिनी की मां फूलमती के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 8 बजे दामाद दिलीप ने फोन कर बताया कि शालिनी टब में गिरकर घायल हो गई है। उसने शालिनी को अस्पताल ले जाने की बात कहकर फोन काट दिया। जब हम उसके घर पहुंचे तो शालिनी का शव फर्श पर पड़ा मिला। परिजनों ने आरोप लगाया कि शालिनी की हत्या की गई है। पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ जुटाए सबूत सूचना पर सदर कोतवाली पुलिस और डीएसपी प्रमोद कुमार शुक्ल फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। घरवालों और पड़ोसियों के बयान दर्ज किए। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी पति दिलीप को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने पहले शालिनी के सीढ़ियों से गिरने की बात कही। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने हत्या की बात कबूल की। पुलिस का दावा है कि 8 अगस्त को दिलीप ने शालिनी की हत्या की। सबूत मिटाने के लिए मकान को पानी से धो दिया। अब पढ़िए आरोपी पति का कबूलनामा पुलिस पूछताछ में दिलीप ने बताया- डेढ़ साल से पत्नी शालिनी से उसके रिश्ते खराब चल रहे थे। उसे पत्नी के अफेयर का शक था। पत्नी बिना बताए घर से बाहर चली जाती थी। फिजूल खर्चा करती थी। इसी बात को लेकर उनका आए दिन झगड़ा होता था। पुलिस के मुताबिक, दिलीप ने बताया- 8 अगस्त की सुबह करीब 5 बजे शालिनी आंगन में बर्तन धो रही थी। इसी दौरान उसने पीछे से कुकर के ढक्कन से उसके सिर पर लगातार तीन वार किए। इससे वह बेहोश होकर गिर गई। पास रखा कांच का गिलास टूटने से उसके पैर में भी कांच का टुकड़ा लग गया। गर्दन पकड़कर पानी भरे टब में डुबोया पुलिस के अनुसार, इसके बाद दिलीप ने शालिनी को पानी से भरे प्लास्टिक के बाथटब में डाल दिया। उसकी गर्दन पकड़कर पानी में डुबोए रखा। कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। आरोपी ने टब का वाल्व खोलकर पानी बहा दिया, जिससे खून के छींटे और धब्बे भी पानी के साथ बह गए। इसके बाद वह घटना को छिपाने के लिए मोटरसाइकिल से मॉर्निंग वॉक पर निकल गया। लौटने के बाद उसने अपने भाइयों भूपेंद्र और संदीप को बुलाया। शालिनी के गिरने से चोट लगने की बात बताई। अस्पताल ले जाकर भी हादसा बताने की कोशिश पुलिस के मुताबिक, आरोपी कार से शालिनी को ताम्बेश्वर मंदिर के पास स्थित आस्था हॉस्पिटल ले गया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को वापस किराए के मकान पर लाया गया। इसके बाद उसने घटना को हादसा दिखाने की कोशिश की गई। ताकि लोगों को लगे कि गिरने से शालिनी को चोट लगी और उसकी मौत हो गई। शालिनी के पिता धर्मराज यादव ने अपने दामाद पर हत्या का शक जताया था। पिता बोले- बेटी ने बताया था, पति का दूसरी टीचर से अफेयर धर्मराज यादव ने पुलिस की ओर से बताए गए बेटी के अफेयर के दावे को खारिज किया। उन्होंने बताया कि दिलीप का किसी दूसरी लड़की से अफेयर चल रहा था। शालिनी ने उन्हें इसके बारे में बताया था, लेकिन लड़की का नाम नहीं बताया। सिर्फ इतना बताया था कि वह दिलीप के स्कूल में टीचर है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। यह विवाद अप्रैल 2025 से चल रहा था। शालिनी ने उन्हें इसकी जानकारी दी थी। इसके बाद वह परिवार के साथ बेटी के घर गए और दोनों को समझाने का प्रयास किया था। हालांकि, दामाद उनकी बात मानने को तैयार नहीं थे। वह उल्टा शालिनी पर आरोप लगाते थे। कुकर का ढक्कन और बाथटब बरामद कोतवाली प्रभारी हेमंत कुमार मिश्रा ने बताया- आरोपी दिलीप की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल एल्यूमीनियम के कुकर का ढक्कन, टूटे कांच के गिलास के 6 टुकड़े, प्लास्टिक का बाथटब और एक मोबाइल बरामद किया गया है। कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया। ————————- यह खबर भी पढ़ें- शादीशुदा प्रेमिका को घर बुलाकर 17 चाकू मारे, बुलंदशहर में गुस्साए घरवालों ने हाईवे जाम किया बुलंदशहर में 42 साल के प्रेमी ने 38 साल की प्रेमिका की हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, प्रेमी ने महिला के सीने, गले और चेहरे पर चाकू से 17 वार किए। पुलिस पहुंची, तो वह प्रेमिका के शव के पास चुपचाप बैठा मिला। यहां पढ़ें पूरी खबर