गोरखपुर-जौनपुर समेत 8 शहरों में बारिश, सड़कें बनीं तालाब:बाइकें फंसकर बंद हुईं; काशी में घाट डूबे, शव जलाने के लिए घंटों इंतजार

यूपी के पूर्वांचल में गुरुवार को मौसम बदल गया। गोरखपुर, आजमगढ़ समेत 8 जिलों में बारिश हो रही है। जौनपुर में इतनी बारिश हुई कि सड़कें तालाब बन गईं। गोरखपुर में सड़कों पर एक फीट पानी भर गया। कई बाइक फंसकर बंद हो गईं। मौसम विभाग ने आज 48 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें 11 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है। इधर, पहाड़ों पर हो रही बारिश से यूपी में गंगा, यमुना और शारदा समेत 10 नदियां उफान पर हैं। 80 से ज्यादा गांव बाढ़ की चपेट में हैं। सबसे ज्यादा फर्रुखाबाद में 49 गांवों में बाढ़ है। काशी में घाटों की सीढ़ियों तक पानी पहुंच गया है। 100 से ज्यादा छोटे मंदिर डूब गए हैं। हरिश्चंद्र घाट पर शवदाह स्थल डूब गया है। घाट की ऊपरी सीढ़ियों पर चिताएं जलाई जा रही हैं। लोगों को 2 से 3 घंटे तक शव का अंतिम संस्कार कराने के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। कानपुर में गंगा नदी चेतावनी बिंदु के करीब पहुंच गई है। 5 से ज्यादा गांवों में पानी घुस गया है। बच्चे नाव से स्कूल जा रहे हैं। उन्नाव में गंगा का पानी कॉलोनियों में घुस गया है। छतों पर लोगों की जिंदगी बीत रही है। गलियों में नावें चल रही हैं। लखीमपुर-खीरी में शारदा नदी में अब तक 70 एकड़ जमीन समा चुकी है। बारिश और बाढ़ की तस्वीरें देखिए… वाराणसी BHU के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने कहा- बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। इसके असर से प्रदेश में एक बार फिर मानसून जोर पकड़ेगा। आने वाले दिनों में पूरे यूपी में अच्छी बारिश होने की संभावना है। यूपी में मौसम के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…