यूपी में उफनाते नाले में बाइक बही, गांव टापू बना:काशी में दशाश्वमेध घाट पर पुलिस चौकी डूबी; 65 शहरों में बारिश का अलर्ट

यूपी में लगातार हो रही मानसूनी बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं। ललितपुर में रविवार को सैर नाले पर बना पुल डूब गया। तेज बहाव के बीच एक युवक बाइक लेकर पुल पार करने लगा। इस दौरान बाइक बह गई, गनीमत रही कि युवक बाल-बाल बच गया। बाराबंकी में सरयू नदी खतरे के निशान से करीब 10 सेमी ऊपर बह रही है। बाढ़ से प्रभावित 5 से ज्यादा गांव टापू बन गए हैं। इन्हें दूसरे गांवों से जोड़ने वाले रास्ते जलमग्न हैं। बाढ़ में फंसे 1,250 लोगों को नाव से राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है। काशी में गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। सभी 84 घाटों का संपर्क टूट गया है। दशाश्वमेध घाट पर बनी जल पुलिस चौकी डूब गई है। प्रयागराज में दारागंज घाट में बने शवदाह गृह तक पानी पहुंच गया है। अब सड़कों पर अंतिम संस्कार करना पड़ रहा है। झांसी में बेतवा नदी पर बना बांध सीजन में पहली बार ओवरफ्लो हो गया है। 140 साल पुराने पारीछा बांध के गेट खोल दिए गए हैं। संतकबीर नगर के 20 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। यहां 9 सरकारी स्कूलों में पानी भर गया है। इधर, सोमवार सुबह लखनऊ, कानपुर, वाराणसी और प्रयागराज समेत 40 से ज्यादा शहरों में बादल छाए रहे। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ धूप निकल आई। बाकी शहरों में मौसम साफ है। हालांकि, मौसम विभाग ने आज 65 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। 9 जिलों में बहुत भारी और 17 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। बारिश और बाढ़ की तस्वीरें…
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- मानसूनी सिस्टम के उत्तर की ओर सक्रिय होने और बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी भरी हवाएं आने से यूपी में आज बारिश की गतिविधियों में तेजी बरकरार रहेगी। कल से पश्चिमी हवाएं जोर पकड़ेंगी। इससे पश्चिमी और मध्य यूपी में भारी बारिश की संभावना खत्म हो जाएगी। पूर्वी यूपी में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। आज किन जिलों में बारिश होगी, देखिए यूपी में मौसम के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…