कानपुर दवा कारोबारी मर्डर केस- अब बेटा भी गिरफ्तार होगा:पुलिस के 6 सवालों में फंसा सुब्रत; पत्नी, सुपारी किलर से कराया जाएगा सामना

कानपुर में करोड़पति दवा कारोबारी मर्डर केस में बेटे सुब्रत के खिलाफ पुलिस को कई अहम एविडेंस मिले हैं। जिसके आधार उसकी गिरफ्तारी लगभग तय है। मर्डर केस में संदिग्ध एक्टिविटी सामने आने के बाद सुब्रत को पिछले 2 दिनों से लगातार पूछताछ के लिए पुलिस थाने बुला रही है। पूछताछ में उसने कई सवालों के जवाब दिए, तो कई सवालों के जवाब में वह चुप रहा। पुलिस जांच में पता चला है कि मर्डर से 2 दिन पहले यानी 3 सितंबर को विशाल ने JIO कंपनी का सिम कार्ड खरीदा था। जिससे सुब्रत से 6 बार बात की थी। पुलिस ने सुब्रत से पूछा यह बात क्यों की गई? इस सवाल का जवाब सुब्रत नहीं दे सका। विशाल 2010 से 2022 तक सुब्रत की बिरहाना रोड स्थित दुकान में काम करता था। 2022 में विनीत मिनोचा ने उसे नौकरी से निकाल दिया था। इसके बाद भी CCTV में सुब्रत ने विशाल को पहचानने से इनकार कर दिया। सुब्रत ने पुलिस को इसका जवाब भी नहीं दिया। वहीं जेल में बंद हत्यारोपी बहू शालू मिनोचा और सुपारी किलर विशाल की PCR (पुलिस कस्टडी रिमांड) मंजूर होने के बाद उनका सुब्रत से आमना-सामना कराया जाएगा। जिससे सुब्रत के खिलाफ मिल रहे सबूतों पर पुख्ता मुहर लग सके। अभी तक गिरफ्तार 3 आरोपियों की रिमांड पर 19 सितंबर (कल) को सुनवाई होगी। दरअसल, कारोबारी विनीत मिनोचा की 5 सितंबर को उनके फ्लैट के कमरे में हत्या कर दी गई थी। हत्या की साजिश का आरोप बहू शालू पर लगा है। आरोप है कि बहू ने नौकर से ससुर की हत्या कराई। पढ़िए पूरी रिपोर्ट… पुलिस ने सुब्रत से क्या-क्या सवाल पूछे, पढ़िए- 45 हजार खर्च मिलता था, 49 हजार की दी पार्टी डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी ने बताया था कि विनीत मिनोचा की हत्या की रात (5 सितंबर) बेटे सुब्रत और बहू शालू तिलक नगर स्थित कॉस्मोजिन लाउंज में कपल किटी पार्टी में गए थे। यह पार्टी सुब्रत ने ही ऑर्गनाइज की थी। इस बात का खुलासा गुरुवार (10 सितंबर) को शालू के भाई धीरज अरोड़ा और बहन सोनिया मेहरोत्रा ने किया। उस कपल पार्टी में 35 लोग शामिल हुए थे, जो दवा कारोबार से जुड़े हैं। रेस्टोरेंट के रिकॉर्ड से सामने आया कि दोनों रात 10:30 बजे ही पार्टी में पहुंच गए थे, जबकि पार्टी रात 11:30 बजे से शुरू होनी थी। इसके साथ ही रात में 3 बजे उनके लाउंज से निकलने की पुष्टि हुई है। पुलिस की जांच और लाउंज के रिकॉर्ड में एक बात और सामने आई कि पार्टी के लिए 1400 रुपए प्रति प्लेट की दर से बुकिंग हुई थी। पार्टी का बिल करीब 49 हजार बना था। पुलिस की पूछताछ में सुब्रत ने बताया था कि उसे 35 हजार रुपए बतौर सैलरी और शालू को 10 हजार रुपए खर्च के लिए मिलते थे। ऐसे में सवाल किया गया कि 45 हजार प्रतिमाह मिलने वाले खर्च में 49 हजार की पार्टी कैसे ऑर्गनाइज की? इसका कोई जवाब उसके पास नहीं था। सोशल मीडिया अकाउंट से डिलीट किए फोटो-वीडियो पुलिस की जांच में एक बात सामने आई कि मर्डर के कुछ दिन बाद सुब्रत ने अपने फेसबुक अकाउंट पर अपनी फर्म ‘फार्मा ट्रेडर्स’ का वॉलपेपर भी लगाया था। जिस पर एक के बाद एक कई कमेंट्स आने के बाद सुब्रत ने अपने अकाउंट से पोस्ट हटा दी। इसके साथ ही उसने अपने फेसबुक और इंस्टाग्राम प्रोफाइल से पोस्ट की गई फोटो व रील्स भी डिलीट कर दीं। अब जानिए क्या था पूरा मामला कारोबारी विनीत मिनोचा रतन ऑर्बिट अपार्टमेंट की पहली मंजिल पर C-104 फ्लैट में परिवार के साथ रहते थे। 4 कमरों और डाइनिंग रूम वाले इस फ्लैट की कीमत एक करोड़ रुपए से ज्यादा बताई जा रही है। विनीत बिरहाना रोड पर ‘फार्मा ट्रेडर्स’ नाम से दवा की फर्म चलाते थे। विनीत बेटे सुब्रत के साथ कारोबार संभालते थे। सालाना टर्नओवर 50 से 60 करोड़ का था। परिवार में पत्नी पुनीता, बेटा सुब्रत, बहू शालू और 5 साल का पोता श्रीजय हैं। शालू और सुब्रत की शादी 7 साल पहले नैनीताल से हुई थी। पत्नी पुनीता मैरिज काउंसलर हैं, वह गाजियाबाद में बेटी सुभानी और दामाद के साथ रहती हैं। शालू मिनोचा के पिता नरेश अरोड़ा कपड़ा कारोबारी हैं। वे लखनऊ के ठाकुरगंज में रहते हैं। 5 सितंबर की रात दवा कारोबारी के गले और सीने में 26 से ज्यादा चाकू से वारकर उन्हें मौत के घाट उतार दिया गया था। पुलिस ने कारोबारी की दुकान में काम करने वाले नौकर विशाल गौतम और उसके साथी राजकिशोर को 6 सितंबर की रात एनकाउंटर के दौरान पकड़ा था। विशाल ने कहा था कि उसने बहू शालू के कहने पर वारदात को अंजाम दिया था। वहीं, अपार्टमेंट के सिक्योरिटी गार्ड मदन सिंह ने बताया था कि शालू ने विशाल को घर बुलाया था, जिसके बाद पुलिस ने शालू को अरेस्ट कर जेल भेजा था। बुधवार को पुलिस ने शालू और विशाल की 24 घंटे की कस्टडी रिमांड मांगी थी, लेकिन हड़ताल के चलते मामले की सुनवाई के लिए 19 सितंबर की तारीख तय की गई है। पुनीता की वसीयत भी जांच के दायरे में पुलिस जांच के दौरान विनीत की पत्नी पुनीता मिनोचा की जून 2022 में तैयार वसीयत का दस्तावेज भी रजिस्ट्री कार्यालय से मिला है। पुलिस इसकी जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि वसीयत में संपत्ति किसके नाम की गई थी। पुलिस इस दस्तावेज को भी हत्या के पीछे संभावित वजहों की जांच से जोड़कर देख रही है। —————————– ये खबर भी पढ़िए- करोड़पति कारोबारी की बहू दुपट्‌टे से मुंह छिपाती रही, कानपुर में पुलिस कोर्ट लेकर पहुंची, बोली- फोटो खींचने वालों को रोको कानपुर में करोड़पति दवा कारोबारी की हत्यारोपी बहू बुधवार को कोर्ट में पेशी के दौरान चेहरा छिपाती नजर आई। वह दुपट्टे से लगातार चेहरा ढकती रही और कैमरों से बचती नजर आई। उसने पुलिसकर्मियों से कहा- इनको रोको। इस दौरान उसकी बहन और भाई भी उससे मिलने कोर्ट पहुंचे। हालांकि, पति सुब्रत नहीं आए। पढ़ें पूरी खबर