यूपी ATS ने वाराणसी में कुख्यात नक्सली बृजेश गंजू उर्फ गोपाल सिंह को मार गिराया है। उस पर 30 लाख रुपए का इनाम था। वह झारखंड के प्रतिबंधित नक्सली संगठन तृतीय प्रस्तुति कमेटी (TPC) का कमांडर था। 8 साल पहले NIA ने टेरर फंडिंग केस में बृजेश गंजू को वांटेड घोषित किया था। मुठभेड़ रविवार सुबह 5 बजे रामनगर थाना क्षेत्र में हुई। ATS के डिप्टी एसपी विपिन राय ने बताया- सूचना मिली थी कि नक्सली रामनगर होते हुए मुगलसराय की तरफ जा रहा है। इसके बाद घेराबंदी की गई। इसी दौरान वह बाइक से पहुंचा। टीम ने रुकने का इशारा किया तो पकड़े जाने के डर से फायरिंग करने लगा। उन्होंने बताया- डिप्टी एसपी विपिन राय और हेड कॉन्स्टेबल नितेंद्र कृष्ण की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोली लगी है। इसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग की। इसमें उसे गोली लग गई। वह घायल होकर सड़क पर गिर गया। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। बृजेश गंजू झारखंड के चतरा जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र का रहने वाला था। उस पर झारखंड सरकार ने 25 लाख और NIA ने 5 लाख रुपए का इनाम रखा था। 8 साल पहले बृजेश के घर की कुर्की की गई थी। खबर को अपडेट किया जा रहा है…