सपा ने बूथों के पुर्नगठन पर जताई आपत्ति:CEO को सौंपा ज्ञापन, पार्टी के समर्थकों के बूथ 3–4 किलोमीटर दूर किए जाने का आरोप

समाजवादी पार्टी ने प्रदेश में पोलिंग बूथों के पुनर्गठन पर सवाल उठाए हैं। पार्टी का आरोप है कि भाजपा सरकार के मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और संगठन के पदाधिकारियों के दबाव में जिलाधिकारियों ने सपा समर्थक मतदाताओं के बाहुल्य वाले बूथों को 3 से 4 किलोमीटर दूर कर दिया है। इससे मतदाताओं को मतदान करने में परेशानी होगी। कई जगहों पर लोगों को नहर पार करके वोट डालने जाना पड़ेगा। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश को ज्ञापन सौंपकर बूथों के पुनर्गठन की प्रक्रिया की समीक्षा कराने की मांग की है। पार्टी ने आरोप लगाया कि जिलाधिकारियों और विधानसभा के निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) यानी एसडीएम ने भारत निर्वाचन आयोग के ‘मैनुअल ऑन पोलिंग स्टेशन’ में दिए गए निर्देशों का पालन नहीं किया। सपा ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया समाप्त होने के बाद 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित मतदाता सूची के आधार पर प्रदेश में 1 लाख 77 हजार 516 पोलिंग बूथ थे। मतदाता सूची के विशेष अभियान के तहत हुए बूथों के पुनर्गठन के बाद इनकी संख्या घटकर 1 लाख 73 हजार 730 रह गई। यानी प्रदेश में 3,886 पोलिंग बूथ कम हो गए। पार्टी का कहना है कि बूथों का पुनर्गठन करते समय मतदाताओं की सुविधा और दूरी के मानकों को नजरअंदाज किया गया। आयोग के नियमों के मुताबिक अधिकतम 2 किलोमीटर की दूरी के मानक के बावजूद कई जगह मतदाताओं को 3 से 4 किलोमीटर दूर जाना पड़ेगा। इससे खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और ग्रामीण मतदाताओं को परेशानी होगी। जौनपुर की शाहगंज विधानसभा के 10 बूथों पर आपत्ति ज्ञापन में जौनपुर की 365-शाहगंज विधानसभा के सुइथाकलां, शाहगंज (सोधी) और खुटहन ब्लॉक के बूथों का उदाहरण दिया गया है। सपा ने शेखाही गांव के बूथ संख्या 107 को प्राथमिक विद्यालय शेखाही से हटाकर पंचायत भवन में स्थानांतरित करने पर आपत्ति जताई है। पार्टी के मुताबिक पंचायत भवन गांव से करीब 2.5 किलोमीटर दूर है और बीच में दो नहरें भी पड़ती हैं। पार्टी ने बूथ को दोबारा प्राथमिक विद्यालय शेखाही में करने की मांग की है। इसी तरह उकहा के बूथ संख्या 52 को प्राथमिक विद्यालय से हटाकर कम्मरपुर किए जाने पर विरोध जताया है। मड़वा मोहिउद्दीनपुर के बूथों को निजमापुर स्थानांतरित करने के बजाय नजदीकी अक्खीपुर में रखने की मांग की गई है। शेखवलिया अनुभाग को भी दिपाईपुर के बजाय रसूलपुर में बनाए रखने की मांग की गई है। ज्ञापन में जगबंधनपुर-निरंजनपुर के बूथ संख्या 446 और चकबरना-चकफतेहपुर के बूथ संख्या 445 को पूर्व माध्यमिक विद्यालय मरहट के बजाय प्राथमिक विद्यालय निरंजनपुर में करने की मांग की गई है। भटपुरा के बूथ संख्या 361 को आंगनबाड़ी केंद्र से हटाकर सड़क किनारे स्थित प्राथमिक विद्यालय में बनाने की मांग है। वहीं विशुनपुर के बूथ संख्या 367 को कंपोजिट विद्यालय से हटाकर पुराने मतदान स्थल प्राथमिक विद्यालय पूराडला में रखने की मांग की गई है। सपा ने कहा कि विधानसभा चुनाव 2027 को पारदर्शी, निष्पक्ष, स्वतंत्र और निर्भीक तरीके से कराने के लिए आयोग को सभी शिकायतों का संज्ञान लेना चाहिए। बूथों का पुनर्गठन आयोग के तय दिशा-निर्देशों और मतदाताओं की सुविधा के आधार पर कराया जाए। ज्ञापन प्रदेश सचिव केके श्रीवास्तव, राज्य कार्यसमिति सदस्य डॉ. हरिश्चन्द्र सिंह और राधेश्याम सिंह ने सौंपा।