राजभर बोले- दलित सम्मेलन में अखिलेश माफी मांगें:सपा का ओवैसी पर तंज- जहां चुनाव होता है वहां टूरिस्ट बनकर घूमने आते हैं

यूपी में मंत्री ओपी राजभर ने फिर सपा मुखिया अखिलेश यादव के दलित सम्मेलन पर तंज कसा है। उन्होंने ‘X’ पर लिखा- सुना है कि आज आप आगरा में पीडीए के ‘डी’ का सम्मेलन करा रहे हैं। राणा सांगा का अपमान कर हिंदुओं का करने वाले रामजीलाल सुमन भी मंच पर होंगे। उसी मंच से आप लंबी लंबी घोषणाएं करेंगे। लेकिन, उस मंच से बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर और कांशीराम पर आपकी ओछी टिप्पणियों और अपमान के लिए खुद माफी मागिएगा। सुमन से भी कहिएगा कि राणा सांगा वाले बयान के लिए शाष्टांग होकर पूरे हिंदू समाज से माफी मांगें। इधर, सपा प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी पर तंज कसा। अखिलेश पर उनके बयान पर कहा कि एक राजनीतिक दल, जिसके अध्यक्ष हैदराबादी अब्दुल हैं, वो यूपी आते हैं। जहां चुनाव होता है वहां टूरिस्ट के रूप में जाते हैं, घूमते हैं। वो कभी सत्ता से सवाल नहीं पूछते।