उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने यूपी शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी)-2026 का संक्षिप्त विज्ञापन जारी कर दिया है। प्राथमिक (कक्षा 1 से 5) और उच्च प्राथमिक (कक्षा 6 से 8) स्तर की परीक्षा के लिए विस्तृत विज्ञापन 24 नवंबर को जारी होगा। इसी दिन से ऑनलाइन आवेदन भी शुरू होंगे। अभ्यर्थियों के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) अनिवार्य किया गया है। इसके बिना आवेदन नहीं किया जा सकेगा। आवेदन और शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 23 दिसंबर है, जबकि आवेदन में संशोधन 27 दिसंबर तक कर सकेंगे। परीक्षा 26 और 27 फरवरी 2027 को होगी। विस्तृत विज्ञापन और दिशा-निर्देश आयोग की वेबसाइट upessc.up.gov.in और ओटीआर पोर्टल uptet.upessc.org/otr/info पर उपलब्ध होंगे। आयोग ने अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले पात्रता और जरूरी नियम ध्यान से पढ़ने की सलाह दी है। पढ़ें पूरी खबर… बैटरी की तरह पानी में स्टोर होगी बिजली, UP-MP में 6-6 महीने होगी सप्लाई अभी बिजली को बैटरी में स्टोर किया जाता है, लेकिन उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश पानी के जरिए बिजली स्टोर करेंगे। दोनों राज्यों ने 500 मेगावाट क्षमता की पम्प्ड स्टोरेज परियोजना का संयुक्त इस्तेमाल करने का फैसला किया है। समझौते के तहत मध्यप्रदेश नवंबर से अप्रैल तक और उत्तर प्रदेश मई से अक्टूबर तक इस क्षमता का इस्तेमाल करेगा। इससे एक ही परियोजना का पूरे साल उपयोग हो सकेगा। दोनों राज्यों को अलग-अलग ऊर्जा भंडारण व्यवस्था बनाने पर अतिरिक्त खर्च भी नहीं करना पड़ेगा। पूरी खबर पढ़िए… कैबिनेट मंत्री नंदी की मां का निधन, 85 साल की उम्र में ली अंतिम सांस यूपी के मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी की मां का बुधवार को निधन हो गया। उनकी उम्र 85 साल थी। वे लंबे समय से बीमार चल रही थीं। प्रयागराज के नाजरेथ हॉस्पिटल में उन्होंने अंतिम सांस ली। इसकी जानकारी खुद मंत्री ने सोशल मीडिया पर दी। उन्होंने भावुक पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि आज मां की छाया सिर से उठ गई। पिताजी के जाने के बाद मां ने ही परिवार को संभाला था। उनका प्यार और आशीर्वाद हर कठिनाई से लड़ने का संबल था। उनकी मौजूदगी ईश्वर की मौजूदगी जैसी थी। मंत्री नंदी के मीडिया प्रभारी बालाजी के मुताबिक, उम्र अधिक होने के कारण उनकी मां को बीच-बीच में स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें होती थीं। वे मुख्य रूप से सांस संबंधी बीमारी से परेशान थीं। पिछले एक हफ्ते से अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। मां के निधन के समय मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी लखनऊ में थे। निधन की सूचना मिलने के बाद वे प्रयागराज पहुंचे। नंद गोपाल नंदी दो भाई और एक बहन हैं। उनके छोटे भाई का नाम कृष्ण गोपाल गुप्ता और बहन अन्नपूर्णा केसरवानी हैं। पूरी खबर पढ़िए… संजय सिंह के आचार संहिता उल्लंघन केस में अंतिम बहस पूरी, 24 नवंबर को फैसला सुल्तानपुर में राज्यसभा सदस्य और आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह के आदर्श आचार संहिता उल्लंघन मामले में बुधवार शाम चार बजे सुनवाई हुई। अधिवक्ता रुद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अदालत में अंतिम बहस पूरी हो गई है। कोर्ट ने फैसले के लिए 24 नवंबर की तारीख तय की है। पढ़ें पूरी खबर… प्रयागराज की छात्रा से सिपाही ने रेप किया:FIR कराई तो धमकाया, बोला- मुंह दिखाने लायक नहीं छोड़ूंगा प्रयागराज की छात्रा से यूपी पुलिस के सिपाही ने रेप किया। प्रेग्नेंट होने पर अबॉर्शन करा दिया। छात्रा ने जब केस दर्ज कराया तो सिपाही ने वाट्सएप पर I Love…नाम से ग्रुप बनाकर अश्लील और न्यूड वीडियो पोस्ट कर दिए। इंस्टाग्राम पर भी वीडियो और ऑडियो डाल दी। धमकी दी कि मैं पुलिस में हूं। मेरा कुछ नहीं बिगड़ेगा। तेरी जिंदगी बर्बाद कर दूंगा। कहीं मुंह दिखाने लायक नहीं छोड़ूंगा। तुम्हें और तुम्हारे परिवार को बदनाम कर दूंगा। फर्जी केस में फंसाकर तुम सबको जेल भिजवा दूंगा। धमकी के बाद से छात्रा डिप्रेशन में है। आरोपी सिपाही बांदा में तैनात है। वह छात्रा के भाई का दोस्त था। छात्रा से 2 साल से टच में था। छात्रा के भाई की तहरीर पर कैंट पुलिस ने FIR दर्ज की है। पढ़ें पूरी खबर आजमगढ़ BJP कार्यालय में प्रभारी का शव मिला: 35 साल से पार्टी से जुड़े थे, हार्ट अटैक की आशंका आजमगढ़ में भाजपा कार्यालय में बुधवार सुबह प्रभारी रामचंद्र यादव (57) का शव मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। बुधवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो वहां मौजूद लोगों को शक हुआ। उन्होंने दरवाजा खुलवाया तो अंदर रामचंद्र यादव का शव पड़ा मिला। इसके बाद पार्टी पदाधिकारियों को सूचना दी गई। भाजपा पदाधिकारियों ने हार्ट अटैक से मौत होने की आशंका जताई है। वहीं, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पढ़िए पूरी खबर… फिरोजाबाद में मुठभेड़ में चोरी का आरोपी जाकिर गिरफ्तार फिरोजाबाद पुलिस ने कैंटर चोरी के आरोपी जाकिर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी है। घायल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने जाकिर के पास से 12,100 रुपए नकद, एक अवैध तमंचा, कारतूस और चोरी करने के उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, 15 नवंबर को एक व्यक्ति ने रामगढ़ थाने में कैंटर चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया था कि उसके चचेरे भाई का कैंटर जाटवपुरी चौराहे के पास सर्विस रोड पर खड़ा था, जिसे अज्ञात बदमाश चोरी कर ले गए थे। पुलिस की जांच में आरोपी जाकिर का नाम सामने आया था, जिसके बाद से उसकी तलाश की जा रही थी। पढ़ें पूरी खबर वाराणसी में 8 इंस्पेक्टरों से छीना थानों का चार्ज: 4 SHO लाइन हाजिर वाराणसी के पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने मंगलवार देर रात विभाग में बड़ा फेरबदल किया। उन्होंने 8 इंस्पेक्टरों से थानों का चार्ज छीन लिया है। इनमें 4 को लाइन हाजिर किया गया है, जबकि 4 का कार्यक्षेत्र बदला गया है। इसके साथ ही कई थानों में नए थानेदारों की तैनाती की गई है। डायल-112 का नया प्रभारी नियुक्त करने के साथ ही पुलिस कमिश्नर कोर्ट के रीडर की जिम्मेदारी भी बदली गई है। खास बात यह है कि कमिश्नर बनने के बाद से मोहित अग्रवाल थानों की कमान इंस्पेक्टरों को ही सौंप रहे थे। अब नया प्रयोग करते हुए उन्होंने दरोगाओं को थानेदार बनाया है। पढ़ें पूरी खबर अमरोहा में कार की टक्कर से बाप-बेटे की मौत, शादी समारोह में खाना बनाकर लौट रहे थे अमरोहा में मंगलवार देर रात सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई। दोनों शादी समारोह में खाना बनाकर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान मंडी धनौरा इलाके में तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी। हादसे में दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही, कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पढ़ें पूरी खबर गोरखपुर में बुजुर्ग ने 2 बच्चियाें से की गंदी हरकत:अपार्टमेंट के लोगों ने की पिटाई, मोबाइल में मिले अश्लील VIDEO, आरोपी अरेस्ट गोरखपुर में एक अपार्टमेंट में 8 और 11 साल की दो सगी बहनों से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि 63 साल के बुजुर्ग ने दोनों बच्चियों को खेलने के बहाने पार्क में अपने पास बुलाया और उनके साथ अश्लील हरकत की। घटना की जानकारी होने पर गुस्साए लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। जांच के दौरान आरोपी के मोबाइल में अश्लील वीडियो भी मिले हैं। पकड़े गए आरोपी की पहचान मूल रूप से मेरठ निवासी अशोक कुमार त्यागी के रूप में हुई है। वह अपार्टमेंट में अपने बेटे के साथ रहता है, जो एक फाइनेंस कंपनी में काम करता है।पढ़ें पूरी खबर