यूपी महिला आयोग उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने सपा नेता आजम खान को ‘असुर-भयंकर’ कहा। वह कानपुर देहात में सोमवार को राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति की कथा में पहुंची थीं। यहां अपर्णा से आजम खान को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा- हमें लगता है कथा का श्रवण करना चाहिए, ऐसे असुर-भयंकरों की बात नहीं करनी चाहिए। चुनाव की तैयारियों पर उन्होंने कहा कि चुनाव पास में है, बस हमारा कमल खिलेगा। प्रचंड बहुमत की सरकार आएगी। उधर, असदुद्दीन ओवैसी ने आजम खान को शायरी के जरिए जवाब दिया। उन्होंने कहा कि सेकुलर पार्टियों के मुस्लिम नेता अपने नेताओं से जितने सवाल नहीं करते, उससे ज्यादा सवाल उनसे करते हैं। इससे उनकी निष्ठा का अंदाजा लगाया जा सकता है। ओवैसी ने राहत इंदौरी का शेर पढ़ा- ‘न हमसफर, न किसी हमनशीं से निकलेगा, हमारे पांव का कांटा हमीं से निकलेगा।’ दरअसल, दैनिक भास्कर को दिए इंटरव्यू में आजम खान ने ओवैसी के यूपी में चुनाव लड़ने पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि बिहार में 4 विधायक हैं और यूपी में 400 के लिए चुनाव लड़ने आ रहे हैं। यहां सियासत की खेती चरने आ रहे हैं। यहां कुछ ऐसी घास भी है, जो जहरीली है। इसलिए इसे चरागाह न समझें। अयोध्या के महंत विष्णु दास ने मौलाना जर्जिस अंसारी की जीभ काटने वाले को 21 लाख रुपए इनाम देने की घोषणा की है। मौलाना ने 20 नवंबर को बिहार के पूर्णिया में एक तकरीर के दौरान सीएम योगी को लाशों का सौदागर कहा था।