IAS की नौकरी छोड़कर अब क्या करेंगी दिव्या मित्तल:जॉब, बिजनेस या कोचिंग पढ़ाएंगी? बोलीं- अभी छुट्टी मना रही हूं…

यूपी की पूर्व IAS अफसर दिव्या मित्तल अब अपने जीवन की नई पारी शुरू करने जा रही हैं। 30 अगस्त को दिया गया उनका इस्तीफा सरकार ने 14 सितंबर को स्वीकार कर लिया। अपने काम के जरिए पहचान बनाने वाली दिव्या मित्तल अब आगे क्या करेंगी? उनके लाखों फॉलोअर्स इस सवाल का जवाब जानना चाहते हैं। दैनिक भास्कर को दिव्या मित्तल ने अपने इस्तीफे, आगे के करियर और भविष्य की योजनाओं को लेकर क्या बताया, पढ़िए पूरी रिपोर्ट… दिव्या ने कहा- खुद को वक्त दे रही हूं… दिव्या मित्तल कहती हैं- मैंने एक महीने की छुट्टी ली है। यूपी के बाहर आई हूं, कुछ वक्त शांति से बिताना चाहती हूं। मैं अब तक की यात्रा और आगे की जिंदगी के बारे में सोच रही हूं। ज्यादा कुछ सोच नहीं रही हूं। फिलहाल, जो मन में आ रहा है, वही करना चाहती हूं। लाइफ में आगे का क्या प्लान है, जॉब करेंगी या बिजनेस? इस पर दिव्या ने कहा- ‘अभी मैंने तय नहीं किया है कि कहीं जॉब करूंगी या बिजनेस…। लेकिन मैं जो भी फैसला लूंगी, उसकी जानकारी खुद ही अपने समर्थकों को बता दूंगी।’ इस्तीफा स्वीकार हुआ, दिव्या मां वैष्णो देवी के मंदिर पहुंची दिव्या मित्तल का प्रशासनिक करियर अब तक बेदाग रहा है। उनके इस्तीफे की प्रक्रिया भी बिना किसी अड़चन के पूरी हुई। यूपी सरकार ने 14 सितंबर को उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया। हालांकि, इस्तीफा मंजूर होने से दो दिन पहले ही 12 सितंबर को दिव्या मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए कटरा पहुंच गई थीं। वहां दिव्या बिना किसी तामझाम के नजर आईं। लाल कपड़े, आंखों पर सनग्लास और हाथ में डंडा लिए वह आम श्रद्धालुओं की तरह माता के मंदिर की ओर जाती दिखीं। दर्शन के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक कैप्शन के साथ वीडियो पोस्ट किया। उन्होंने लिखा- “मां, बिन मांगे तूने सब दिया… पर आगे राह कठिन है। सद्बुद्धि देना कि समझ सकूं कि सही क्या है? गलत क्या है?” 3 तरह की चर्चा- IAS की कोचिंग पढ़ाएंगी या बिजनेस जॉइन करेंगी दिव्या मित्तल के इस्तीफे के बाद उनके अगले कदम को लेकर तीन तरह की चर्चाएं हैं। 1. IAS की कोचिंग या मोटिवेशनल स्पीकर: दिव्या ने 14 सितंबर को फेसबुक और इंस्टाग्राम पर खुद की लिखी एक किताब की तस्वीर शेयर की थी। इसके बाद चर्चा शुरू हुई कि वह IAS की कोचिंग, एजुकेशन या मोटिवेशनल स्पीकर के तौर पर नई पारी शुरू कर सकती हैं। वह पहले भी कई मोटिवेशनल वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर चुकी हैं। 2. पति के बिजनेस में शामिल होंगी: कुछ लोगों का मानना है कि दिव्या अपने पति गगनदीप सिंह के बिजनेस से जुड़ सकती हैं। गगनदीप 2011 बैच के इंडियन ट्रेड सर्विस (ITS) अधिकारी रहे हैं। उन्होंने 2022 में इस्तीफा दिया था। उस समय वह केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय में संयुक्त महानिदेशक के पद पर कार्यरत थे। इस्तीफे के बाद उन्होंने ‘Neurocap’ नाम से स्टार्टअप शुरू किया। कंपनी फिनटेक और ट्रेडिंग के क्षेत्र में काम करती है। गगनदीप सिंह इसके फाउंडर और ट्रेडर हैं। 3. अपनी कंपनी या नया काम: उनके समर्थकों का मानना है कि IAS जैसी प्रतिष्ठित नौकरी छोड़ने के बाद दिव्या किसी दूसरी कंपनी में नौकरी करना शायद ही पसंद करेंगी। फिलहाल दिव्या मित्तल छुट्टियों का आनंद ले रही हैं। ‘दैनिक भास्कर’ से बातचीत में उन्होंने साफ किया है कि जल्द ही वह अपने अगले बड़े कदम का खुद ऐलान करेंगी। ———– ये भी पढ़ें- IAS दिव्या चुनाव लड़ें…मिर्जापुर के लोग चाहते हैं:बोले- विधायक नहीं, सांसद बनने लायक; सियासत में आने की चर्चा क्यों IAS दिव्या मित्तल ने 30 अगस्त को इस्तीफा दिया। ब्यूरोक्रेसी में रहते हुए उनका झुकाव हमेशा लोगों की भलाई की तरफ रहा। इसलिए चर्चा शुरू हुई कि वह चुनाव लड़ सकती हैं। उनकी सियासी जमीन के लिए सबसे पहले मिर्जापुर का नाम लिया गया। मिर्जापुर के लोगों से बात करके इसकी 3 वजहें समझ आईं। पढ़िए इस रिपोर्ट में…