प्रयागराज में टीचर ने कराया 12वीं के छात्र का कत्ल?:पिता बोले- हमलावर दोनों छात्र मोहरा, असली विवाद- 5 बिस्वा जमीन

समय : 10.50 बजे (सुबह) स्पॉट : इंदिरा गांधी स्मारक इंटर कॉलेज (प्रयागराज) क्या हुआ था : 12वीं के स्टूडेंट की कॉलेज में हत्या। पहले क्राइम सीन समझिए… कॉलेज में इंटरवल की बेल बजती है। क्लास के अंदर से शोर बाहर तक सुनाई पड़ता है। बच्चे क्लास से निकलकर बाहर मैदान की तरफ भागने लगते हैं। इसी बीच 12वीं का स्टूडेंट अवनीश सीढ़ियों पर भागता दिखता है। उसके चेहरे पर दहशत थी। क्लासमेट अभिषेक सोनी और अभय पाठक उसके पीछे दौड़ रहे थे। दोनों क्लासमेट दौड़ते हुए अवनीश को पकड़ने की कोशिश करते हैं, मगर वह बचते हुए भागता रहता है। अचानक अभय ने छलांग लगाकर पहली मंजिल की सीढ़ी पर अवनीश को पकड़ ही लिया। अभिषेक सोनी ने चाकू से अवनीश के सीने पर वार किया। अवनीश 2 कदम पीछे हटकर खुद को बचा लेता है। चाकू शर्ट को फाड़ते हुए निकल जाता है। हमला मिस होने पर दोनों छात्रों ने बौखला गए। एक बार फिर अभिषेक और अभय ने अवनीश पर हमला किया। इस बार टारगेट पर अवनीश की गर्दन थी। हमला चूका नहीं और चाकू गले में धंस गया। खून बहने लगा, अवनीश वहीं पर गिर पड़ा, वो तड़प रहा था…। मगर कॉलेज कैंपस की उस गैलरी में आने की कोई हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था। अभय और अभिषेक मौके का फायदा उठाते हैं, कॉलेज की दीवार को फांदकर भाग निकलते हैं। इधर, कॉलेज कैंपस में हल्ला मच जाता है। बच्चे चीख पुकार करते हैं, टीचर भी स्टाफ रूम से निकलकर क्राइम स्पॉट पर पहुंच जाते हैं। इसी कॉलेज में अवनीश का छोटा भाई दिग्विजय भी पढ़ता है। वो क्लास 10 का स्टूडेंट है। दोनों सुबह 8 बजे एक साथ कॉलेज पहुंचे थे। दिग्विजय को उसके क्लासमेट बताते हैं कि तुम्हारे भाई को अभय और अभिषेक ने मारा है, इसके बाद दिग्विजय भागता हुआ गैलरी में पहुंचता है। वह अवनीश को देखकर बदहवास सा हो जाता है, गले से बहर रहे खून को अपने हाथों से रोकने की कोशिश करता है, मगर खून तेजी से बह रहा था, वो उसको रोक नहीं पाता। गोद में अवनीश को लेकर चिल्लाने लगता है कि कोई तो बचाओ… मेरा भाई मर रहा है। कोई मदद करो। इस बीच कॉलेज के प्रिंसिपल मनोज कुमार मिश्रा पुलिस को फोन कर चुके थे। वह अपनी कार से घायल अवनीश काे लेकर CHC करछना पहुंचते हैं। मगर अवनीश को बचाया नहीं जा सका। कत्ल की ये कहानी छात्रों से लिए गए बयानों के बाद सामने आ सकी। कत्ल के बाद टीचर पप्पू ‘लापता’
पुलिस के कॉलेज पहुंचने पर भाई दिग्विजय के बयान सबसे पहले लिए गए। पुलिस ने पूछा- आपके भाई के साथ क्या हुआ था? वह कहते हैं- इंटरवल से पहले अभिषेक और अभय मेरे भाई को लेकर छत पर गए थे। वहां उसके साथ मारपीट की गई। वह जान बचाकर छत से नीचे की तरफ भागा। मगर वह खुद को बचा नहीं सका। उसने मेरी गोद में दम तोड़ दिया। इस पूरी घटना में एक और चौंकाने वाला फैक्ट सामने आया। एक टीचर पप्पू मिश्रा हमले के बाद कॉलेज से लापता हो गए। वह सोशल साइंस और अंग्रेजी पढ़ाते हैं। इस घटना के बाद प्रिंसिपल ने अवनीश के परिवार को कॉल करके पूरी घटना बताई। इधर, अवनीश की मौत की खबर पूरे कॉलेज में फैल गई थी। कॉलेज में छुट्‌टी कर दी गई। पिता ने कहा- टीचर से हमारा जमीन का विवाद, 2 छात्रों से मरवा दिया
पिता अमित कुमार पांडेय के CHC पहुंचने के बाद नया खुलासा किया। उन्होंने कहा- इस कॉलेज के टीचर पप्पू मिश्रा से हमारा विवाद है। ये उनकी साजिश है, उन्होंने अपने रिश्तेदार विजय पांडे, डिंपू मिश्रा और रामेश्वर तिवारी से मिलकर मेरे बेटे को मरवा दिया। पुलिस ने पूछा- 2 छात्रों ने आपके बेटे को मारा है न, फिर ये आरोप क्यों लगा रहे हैं? पिता अमित पांडे ने कहा- इन लोगों ने छात्रों से मिलकर मेरे बेटे को मरवा दिया है। विजय PWD के ठेकेदार हैं, अपने रसूख के दम पर उन्होंने खलिहान की 5 बिस्वा जमीन का बड़ा हिस्सा कब्जा कर लिया है। हम लोग विरोध कर रहे थे, इसलिए इन लोगों ने मिलकर ये साजिश रची है। 15 दिन पहले हम लोगों को धमकाया भी था। मगर ये नहीं पता था कि ऐसा कुछ कर ही डालेंगे। अवनीश के पिता के आरोपों की छानबीन करने पर सामने आया कि ठेकेदार विजय पांडेय एक महीने पहले गांव की एक सड़क को कॉन्ट्रैक्ट पर बना रहा था। इसका सड़क की क्वालिटी को लेकर अमित ने विरोध किया। इसके बाद विजय ने अमित के खिलाफ केस दर्ज कराया था। इस मामले में अमित पांडे जमानत लेकर बाहर आए थे। क्लास में टीचर को अवनीश ने मारा था थप्पड़
पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि जमीन की अदावत में टीचर पप्पू मिश्रा अक्सर अवनीश को परेशान करते थे। अक्सर कमेंट पास करते थे। अवनीश ने भी एक बार इसका क्लास में विरोध किया था। मामला बढ़ा, तो अवनीश ने अपने टीचर पप्पू को थप्पड़ मार दिया था। इसको लेकर स्कूल प्रबंधन तक बवाल हुआ। मगर फिर मामला शांत करवा दिया गया था। पुलिस मर्डर केस की 3 एंगल पर जांच कर रही है– 1. कॉलेज को-एजुकेशन वाला है। यहां लड़के और लड़कियां साथ पढ़ते हैं। अभिषेक और अभय दोनों अवनीश की क्लास में पढ़ते हैं। ऐसे में किसी लड़की के लव अफेयर को लेकर भी जांच की जा रही है। 2. जमीन के जिस टुकड़े को लेकर विवाद बताया जा रहा है। राजस्व विभाग से उसके कागज दिखवाए जा रहे हैं। ताकि असर मालिकाना हक और कब्जे के इनपुट मिल सके। हो सकता है कि पुलिस नए सिरे से पैमाइश भी करवाए। 3. पप्पू और विजय के साथ अमित की रंजिश में बेटा क्यों टारगेट किया। पुलिस इसकी भी जांच कर रही है। गले की गहरी चोट से मौत हुई, पोस्टमॉर्टम कल होगा
बुधवार को पुलिस अवनीश का पोस्टमॉर्टम नहीं करवा सकी है। मगर इतना क्लियर है कि उसकी मौत की वजह गर्दन पर लगी गहरी चोट है। अगर उसके शरीर पर कुछ चोटें मिलती है, तो भाई के मारपीट के आरोप सही साबित हो जाएंगे। अब गुरुवार को पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा। ACP अरुण त्रिपाठी के मुताबिक, इंदिरा गांधी स्मारक इंटर कालेज के परिसर में स्टूडेंट को चाकू मार दिया गया। SRN अस्पताल ले जाते स्टूडेंट की मौत हो गई। परिवार से तहरीर मिल गई है। आरोपी छात्र और नामजद आरोपी भागे हुए हैं। उन्हें तलाश किया जा रहा है। 2 संदिग्ध हिरासत में लिए गए हैं। हत्या क्यों की गई? इसका सही कारण जांच के बाद ही सामने आएगा। रंजिश में कब क्या हुआ, ये जानिए… ……………….. यह भी पढ़ें : मॉरीशस के PM रामगुलाम काशी पहुंचे:कजरी-बिरहा और धोबिया नृत्य से स्वागत, दोनों देशों के ध्वज लहराए; कल मोदी के साथ मीटिंग मॉरीशस के PM नवीनचंद्र रामगुलाम 3 दिन के वाराणसी दौरे पर पहुंचे हैं। एयरपोर्ट पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद ने उनका स्वागत किया। इसके बाद नदेसर स्थित होटल ताज के लिए रवाना हुए। मॉरीशस के PM के स्वागत के लिए रास्ते में 6 जगहों पर संस्कृति विभाग ने मंच बनाए। यहां सांस्कृतिक नृत्य करते हुए टोलियों ने PM का मन मोह लिया। झूला, मयूर और धोबिया नृत्य से उनका स्वागत हुआ। पढ़िए पूरी खबर…