‘अखिलेश जी, कन्नौज ने आपको हैसियत दिखा दी’:कुर्सियां खाली रहने पर राजभर का तंज; दिव्या मित्तल ने खुद को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया

यूपी में सियासी हलचल तेज हो गई है। मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा- “जिस कन्नौज की जनता को आपने खानदानी विरासत समझकर ‘खयाली गढ़’ बना रखा था, वहीं पर आपकी हैसियत पता चल गई। कुर्सियां तक खाली रह गईं।” राजभर ने सोमवार को ‘X’ पर लिखा- सुना है आपने अपनी पार्टी की कन्नौज जिला इकाई को भंग कर दिया है। ए महाराज, उनकी क्या गलती थी? जब आप खुद ही एसी, पीसी और ट्विटर की दुनिया से बाहर नहीं निकलेंगे तो जिले वाले बेचारे क्या करेंगे? हमारी सलाह मानिए, चुनाव से पहले समूचे प्रदेश की कार्यकारिणी को भंग कर दीजिए। यूपी में आपकी पोल खुल गई है। इधर, पूर्व IAS अधिकारी दिव्या मित्तल ने खुद को अपनी नई पार्टी ‘जननीति भारत’ का राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित कर दिया है। उन्होंने पहले ही 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव में उतरने की घोषणा कर दी थी। अब उन्होंने संगठन के विस्तार और लोगों को पार्टी से जोड़ने के लिए अभियान शुरू करते हुए मोबाइल नंबर, आधिकारिक वेबसाइट और ईमेल आईडी जारी की है।