यूपी में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। वाराणसी में सोमवार सुबह 8 बजे से रुक-रुक कर तेज बारिश हो रही है। गलियों में पानी भर गया है। रविवार देर रात 1 बजे बरेली में मूसलाधार बारिश से कई सड़कें जलमग्न हो गईं। जलभराव के कारण ई-रिक्शा तक पलट गए। वहीं, लखनऊ-कानपुर समेत ज्यादातर शहरों में तेज धूप है। बीच-बीच में बादल छा रहे हैं। उमसभरी गर्मी पड़ रही है। मौसम विभाग ने आज 57 शहरों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। कल से मानसूनी एक्टिविटी और तेज होगी। इससे पूरे प्रदेश में अच्छी बारिश होने की संभावना है। पिछले 24 घंटे की बात करें तो लखनऊ, प्रयागराज, गाजियाबाद, बलिया समेत 18 शहरों में रुक-रुककर बरसात हुई। लखनऊ-बाराबंकी में आंधी के साथ बारिश हुई। कई जगह पेड़ और पोल उखड़ गए। लखनऊ में करीब 45 मिनट की तेज बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि उत्तरी पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में बना मौसमी सिस्टम आज शाम उत्तरी ओडिशा तट पार कर छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ेगा। इसके मौजूदा पश्चिमी विक्षोभ के साथ मिलने की वजह से यूपी में कहीं-कहीं अचानक तेज बारिश हो सकती है। ओले गिर सकते हैं। आंधी-बारिश की 4 तस्वीरें- इस सीजन अब तक सामान्य से 46% कम बारिश लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- उत्तरी ओडिशा तट के पास बने मौसम सिस्टम का असर यूपी पर पड़ा है। इस वजह से प्रदेश में मानसून कमजोर पड़ गया है। कुछ जिलों में स्थानीय सिस्टम की वजह से हल्की बारिश हो रही है। पूर्वी और मध्य यूपी में उमस और गर्मी बढ़ गई है। 24 घंटे में मानसून फिर से जोर पकड़ेगा। प्रदेश में बारिश का सिलसिला शुरू होगा। यूपी के मानसून के पल-पल के अपडेट्स जानने के लिए नीचे लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…