केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार को लखनऊ में कहा- हमारे हाईवे अमेरिका से भी अच्छे बनेंगे। मेरे विभाग में पैसे की कमी नहीं है। आप मांगते हुए थक जाएंगे, मैं देते हुए नहीं थकूंगा। 15 लाख करोड़ मेरी जेब में रखे हैं। तीन लाख 25 हजार करोड़ बजट है। मैं मुश्किल से साढ़े चार लाख करोड़ खर्च कर पा रहा हूं। गडकरी ने शाम करीब 4 बजे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ उन्नाव में लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन किया। सीएम योगी और डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी साथ रहे। सभी उन्नाव हेलिकॉप्टर से पहुंचे थे। इसके बाद सभी कार से एक्सप्रेस-वे से ही लखनऊ लौटे। यहां सरोजनीनगर में 3 प्रोजेक्ट का लोकार्पण और शिलान्यास किया। एक्सप्रेस-वे से लखनऊ-कानपुर का सफर सिर्फ 40 मिनट में पूरा होगा। अभी सफर में ढाई से तीन घंटे लगते हैं। 4700 करोड़ रुपए की लागत से बनकर तैयार एक्सप्रेस-वे कल यानी मंगलवार सुबह 8 बजे से आम लोगों के लिए खुल जाएगा। 63 किलोमीटर लंबा यह देश का पहला बैरियर-लेस एक्सप्रेस-वे है। इस पर लोगों को करीब तीन गुना ज्यादा टोल चुकाना होगा। कार से लखनऊ से कानपुर जाने पर 275 रुपए टोल देना होगा, जबकि पहले 95 रुपए ही लगते थे। एक्सप्रेसवे पर दोपहिया वाहनों की एंट्री बैन रहेगी। वाहन अधिकतम 120 kmph की रफ्तार से दौड़ सकेंगे। टोल प्लाजा से 500 मीटर पहले लगे ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) कैमरे और फास्टैग रीडर बिना गाड़ी रोके अपने आप टोल काट लेंगे। अगर हादसा होता है, तो AI कैमरे NHAI कंट्रोल रूम को अलर्ट भेजेंगे। एक्सप्रेस-वे का शिलान्यास 5 जनवरी 2022 को किया गया था। 13 जुलाई 2026 को उद्घाटन किया गया। इस हिसाब से एक्सप्रेस-वे 1650 दिन में बनकर तैयार हुआ। लखनऊ एयरपोर्ट से शहीद पथ तक थ्री लेयर एलिवेटेड रोड बनेगी कार्यक्रम में राजनाथ सिंह ने कहा- आपने (नितिन गडकरी) बहुत कुछ दिया, आज भी मांगूंगा तो आप मना नहीं करेंगे। लखनऊ में ट्रैफिक की बड़ी समस्या है। लखनऊ एयरपोर्ट से शहीद पथ से होते हुए आउटर रिंग रोड पर करीब 23 किमी के एलिविटेड रोड होनी चाहिए। इसकी मंजूरी नितिन गडकरी ने दे दी है। एलिविटेड रोड के ऊपर एक मेट्रो भी चलनी चाहिए। इसकी भी उन्होंने स्वीकृति उन्होंने दे दी है। लखनऊ से सीतापुर के लिए सिक्सलेन मार्ग और किसान पथ पर सर्विस रोड भी बनाई जाएगी। योगी बोले- यूपी को 60 हजार करोड़ के प्रोजेक्ट्स मिले कार्यक्रम में सीएम योगी ने कहा- केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने करीब 60 हजार करोड़ की परियोजनाओं पर सहमति दी है। ईस्ट को वेस्ट से जोड़ दिया गया है। अब नॉर्थ-साउथ को जोड़ने के लिए कुछ नए क्षेत्रों की पहचान की गई है। उन्होंने कहा- 5 लाख की आबादी वाले हर शहर में एक बाईपास होगा। उस बाईपास के साथ हर जिला मुख्यालय फोरलेन का होगा। तस्वीरें देखिए… लखनऊ-कानपुर बैरियर-फ्री एक्सप्रेस-वे के लोकार्पण से जुड़े अपडेट के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए-