यूपी के कासगंज में ग्रामीणों ने एक 70 वर्षीय बुजुर्ग को जूते-चप्पलों की माला पहनाकर, मुंह काला कर और अर्द्धनग्न कर पूरे गांव में घुमाया। आरोप है कि लोगों ने उनके शरीर पर डंडे बरसाए और करीब 30 सेकेंड में 30 बार उनका सिर पेड़ से टकराया। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो में एक परिवार के आधा दर्जन लोग बुजुर्ग की पिटाई करते, मुंह पर कालिख पोतते और उनका सिर पेड़ से टकराते दिखाई दे रहे हैं। वहीं, गांव के 200 से अधिक लोग तमाशबीन बने नजर आ रहे हैं। सोमवार की यह घटना जिला मुख्यालय से 28 किलोमीटर दूर सोरों थाना क्षेत्र की है। ग्रामीणों का आरोप है कि बुजुर्ग युवक-युवतियों और किशोर-किशोरियों के बीच मोबाइल फोन के माध्यम से संपर्क कराते थे। वे पैसे लेकर उन्हें खेतों में मिलवाते थे और बाद में लड़कियों को बदनाम करते थे। हालांकि, गांव की कुछ लड़कियों का कहना है कि बुजुर्ग उन पर झूठे आरोप लगाकर बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि वीडियो संज्ञान में आया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आरोप लगाने वाली एक महिला को थाने बुलाया गया है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना से जुड़ी तस्वीरें देखिए… जानिए पूरा मामला… सोरों थाना क्षेत्र के नगला पल्टू गांव निवासी रामविलास (70) को सोमवार सुबह करीब 7 बजे गांव के गौरव पुत्र रामप्रकाश, जयसिंह पुत्र केदार, राजेश पुत्र खूवे समेत कई लोगों ने पीटना शुरू कर दिया। आरोप है कि हमलावर उन्हें घर से घसीटते हुए बाहर ले आए। इसके बाद बुजुर्ग के चेहरे पर कालिख पोती गई और उनके गले में जूते-चप्पलों की माला डाल दी गई। फिर उनका सिर जोर-जोर से पेड़ से टकराया गया। महिलाओं ने भी डंडों से पिटाई की और कई लोगों ने घूंसे मारे। इसके बाद रामविलास खुद को निर्दोष बताते हुए अपना सिर पेड़ से पटकने लगे। आरोप है कि इसके बाद उन्हें अर्द्धनग्न कर पूरे गांव में घुमाया गया। करीब आधे घंटे तक उनके साथ मारपीट और सार्वजनिक रूप से अपमान किया गया। देखते ही देखते गांव के बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। पूछने पर हमलावरों ने रामविलास पर आरोप लगाया कि वे गांव के युवक-युवतियों और किशोर-किशोरियों को एक-दूसरे के मोबाइल नंबर देकर उनका अफेयर कराते थे। आरोपियों का कहना है कि वह पैसे लेकर उन्हें खेतों में मिलवाते थे और अश्लील गतिविधियों को बढ़ावा देते थे। ऑडियो क्लिप से सामने आया महिला आरोपियों के अनुसार, मामला तब सामने आया जब गांव की एक नवविवाहिता, जिसकी एक साल पहले शादी हुई थी, से रामविलास की बातचीत की एक ऑडियो क्लिप उसके ससुराल वालों को मिली। ऑडियो में कथित तौर पर रामविलास युवती से कह रहे हैं कि उन्होंने गांव की कई लड़कियों को उनके प्रेमियों से खेतों में मिलवाया है और उसकी भी मुलाकात करा देंगे। इसके बाद युवती के ससुराल वालों ने अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर सोमवार सुबह रामविलास की पिटाई कर दी। वहीं, ऑडियो क्लिप में जिन युवतियों के नाम लिए गए, उन्होंने कहा कि उनकी कभी भी रामविलास से कोई बातचीत नहीं हुई। उनका आरोप है कि बुजुर्ग झूठे आरोप लगाकर उन्हें बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। हमलावर गौरव बोला- लड़कियों से बदतमीजी करता था गौरव ने बताया, “रामविलास गांव की लड़कियों से बदतमीजी करता था और लड़कों से मिलवाता था। इसलिए गांव वालों की सहमति से उसका मुंह काला कर पूरे गांव में घुमाया गया। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। गांव की बहू-बेटियों की बदनामी हम बर्दाश्त नहीं करेंगे।” पुलिस ने शुरू की जांच घटना की सूचना मिलने पर सोरों थाना प्रभारी लोकेश भाटी पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचे। पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई और संबंधित लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया। थाना प्रभारी लोकेश भाटी ने बताया- ऑडियो क्लिप समेत उपलब्ध सभी साक्ष्यों की जांच कराई जाएगी। साथ ही बुजुर्ग के साथ हुई मारपीट और सार्वजनिक अपमान की घटना की भी अलग से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। तीन नाती-पोतों के दादा हैं रामविलास गांव के लोगों के मुताबिक, रामविलास खेती-बाड़ी करते हैं। गांव में अपनी पत्नी के साथ रहते हैं। उनके दो बेटे थे। एक बेटे की पहले मौत हो चुकी है। दूसरा बेटा दिल्ली में नौकरी करता है। रामविलास मौर्य समाज से संबंध रखते हैं। —————————- ये खबर भी पढ़िए… सीतापुर में 21 साल पुराना सपा ऑफिस ढहाया:तड़के 4 बजे बुलडोजर लेकर पहुंची टीम, मुलायम सरकार में पट्टा दिया था
यूपी के सीतापुर में सरकारी जमीन पर बने सपा कार्यालय को सोमवार तड़के बुलडोजर से ढहा दिया। जिला प्रशासन सुबह 4 बजे 5 थानों की फोर्स लेकर मौके पर पहुंचा। 4 बुलडोजरों ने 2 घंटे में कार्यालय को जमींदोज कर दिया। मलबा भी हटा दिया गया। इस दौरान 25 पुलिसकर्मी और 50 पीएसी जवान तैनात रहे। सपा कार्यालय 21 साल पहले 2500 स्क्वायर फीट जमीन पर बनाया गया था। पूरी खबर पढ़ें…
यूपी के सीतापुर में सरकारी जमीन पर बने सपा कार्यालय को सोमवार तड़के बुलडोजर से ढहा दिया। जिला प्रशासन सुबह 4 बजे 5 थानों की फोर्स लेकर मौके पर पहुंचा। 4 बुलडोजरों ने 2 घंटे में कार्यालय को जमींदोज कर दिया। मलबा भी हटा दिया गया। इस दौरान 25 पुलिसकर्मी और 50 पीएसी जवान तैनात रहे। सपा कार्यालय 21 साल पहले 2500 स्क्वायर फीट जमीन पर बनाया गया था। पूरी खबर पढ़ें…