लगातार तीसरे दिन हुई मूसलाधार बारिश का असर अब शहर की बिजली व्यवस्था पर भी पड़ने लगा है। मोहकमपुर स्थित बिजलीघर में करीब 2 से 3 फीट तक पानी भर गया। हालात ऐसे हो गए कि पूरा सबस्टेशन जलमग्न हो गया। बिजलीघर में पानी भरने से करंट फैलने और बड़ा हादसा होने की आशंका को देखते हुए सुरक्षा के लिए सभी फीडर बंद कर दिए। इसके चलते मोहकमपुर और उससे जुड़े कई इलाकों में घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। लोगों को बारिश के साथ अंधेरे के बीच परेशानी का सामना करना पड़ा। जलभराव कम करने के लिए बिजली विभाग के कर्मचारी खुद मोर्चा संभालते नजर आए। कर्मचारी बाल्टियों, वाइपर और अन्य संसाधनों की मदद से बिजलीघर से पानी बाहर निकालते रहे। लगातार हो रही बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। इसका असर केवल यातायात ही नहीं, बल्कि बिजली जैसी जरूरी सेवाओं पर भी पड़ रहा है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पानी पूरी तरह निकलने और उपकरणों की जांच के बाद ही बिजली आपूर्ति बहाल की जाएगी।