यूपी की बड़ी खबरें:अभिषेक सिंहानिया UPCA निदेशक, संजय कपूर यूपी T-20 के दोबारा चेयरमैन बने

कानपुर के डॉ. संजय कपूर को लगातार दूसरी बार यूपी टी-20 लीग का चेयरमैन बनाया गया है। बुधवार को होटल लैंडमार्क में हुई उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) की 21वीं वार्षिक आम सभा (AGM) में चार निदेशकों अभिषेक सिंघानिया, अशोक चतुर्वेदी, रियासत अली और प्रदीप कुमार गुप्ता को भी कार्यकाल पूरा होने के बाद दोबारा नियुक्त किया गया। गाजीपुर के संजीव कुमार सिंह को फिर से गवर्निंग काउंसिल का सदस्य चुना गया। सभी कमेटियों पर अंतिम फैसला लेने का अधिकार यूपीसीए अध्यक्ष और सचिव को दिया गया। एजीएम के बाद बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने बताया कि पूर्व न्यायाधीश विनीत शरण को यूपीसीए का लोकपाल और कृष्ण मुरारी को एथिक ऑफिसर नियुक्त किया गया है। वाराणसी में तैयार हो रहे नए स्टेडियम में जल्द घरेलू क्रिकेट के मुकाबले कराए जाएंगे। इससे पहले स्थानीय स्तर के मैचों से पिच और मैदान की स्थिति परखी जाएगी। अगले साल होने वाली महिला प्रीमियर लीग की मेजबानी के लिए काशी स्टेडियम को बड़ौदा के साथ विकल्प के तौर पर रखा गया है। वहीं, कमला क्लब की लीज खत्म होने और ग्रीन पार्क के कायाकल्प के बीच कानपुर में नए मैदान के लिए यूपीसीए और सीएसजेएमयू के बीच एमओयू की तैयारी चल रही है। पढ़ें पूरी खबर… झांसी में सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौत, डिवाइडर में टकराकर बाइक से गिरे, फिर भारी वाहन ने रौंदा झांसी में बुधवार दोपहर करीब 1 बजे शिवपुरी-ग्वालियर बाइपास पर हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी की मौत हो गई। मृतकों की पहचान शिवपुरी के पिछोर निवासी बालकिशन जाटव (55) और रामरति (52) के रूप में हुई। दोनों रामरति की भतीजी रूपा को देखने आ रहे लड़के वालों के कार्यक्रम में शामिल होने झांसी जा रहे थे। झांसी एम्पायर के सामने ओवरब्रिज पर बाइक बेकाबू होकर कंक्रीट की दीवार से टकरा गई। दोनों सड़क पर गिर गए। इसी दौरान पीछे से आए भारी वाहन ने उन्हें कुचल दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। मामला सीपरी बाजार थाना क्षेत्र का है। पढ़ें पूरी खबर… 69 हजार शिक्षक भर्ती पर सुप्रीम कोर्ट सख्त:राज्य से मांगी पूरी चयन सूची, 6 अक्टूबर को फिर सुनवाई 69 हजार सहायक शिक्षक भर्ती से जुड़े मामले की बुधवार को भी सुप्रीम कोर्ट में करीब साढ़े तीन घंटे सुनवाई हुई। जस्टिस एसवीएन भट्टी और जस्टिस एनवी अंजारिया की पीठ ने राज्य सरकार से भर्ती की विस्तृत सूची तैयार कर कोर्ट में प्रस्तुत करने को कहा है। इसमें अभ्यर्थी का नाम, क्रमांक, कैटेगरी, ATRE में मिले अंक और क्वालिटी प्वाइंट शामिल करने के निर्देश दिए गए हैं। सुनवाई के दौरान जिला वरीयता, EWS आरक्षण, B.Ed-BTC विवाद, उत्तर कुंजी में एक अंक के लाभ और चयनित अभ्यर्थियों को सुरक्षित रखने समेत कई मुद्दों पर पक्षकारों ने अपनी दलीलें रखीं। मामले की अगली सुनवाई 6 अक्टूबर को होगी। जिला वरीयता पर बहस से कोर्ट ने रोका: सुनवाई के दौरान अधिवक्ता पटवालिया जिला वरीयता के मुद्दे पर अपनी दलील रखना चाहते थे। आरक्षित वर्ग की ओर से अधिवक्ता मनदीप कालरा ने इस पर आपत्ति जताई। पटवालिया ने कोर्ट को बताया कि वह आरक्षित वर्ग की ओर से ही पेश हो रहे हैं और जिला वरीयता पर अपना पक्ष रखना चाहते हैं। पढ़ें पूरी खबर… 2 IAS अफसरों के ट्रांसफर; बीएल मीणा राजस्व परिषद के अध्यक्ष बने, अमृत अभिजात की ताकत बढ़ी यूपी सरकार ने बुधवार को 2 IAS अफसरों के तबादले कर दिए। उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के अपर मुख्य सचिव बीएल मीणा को राजस्व परिषद का अध्यक्ष बनाया गया है। उन्हें उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग, रेशम विभाग के विभागाध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। पर्यटन और धर्मार्थ कार्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात को यूपी राज्य सड़क परिवहन निगम का अध्यक्ष बनाया गया है। उन्हें बीते दिनों परिवहन विभाग के अपर मुख्य सचिव का अतिरिक्त चार्ज भी दिया गया था। रोडवेज में आगामी दिनों में पीपीपी मोड पर नए बस स्टैंड बनाए जाने हैं। करीब एक हजार नई बसों की खरीद होनी है। राजस्व परिषद की अध्यक्ष अर्चना अग्रवाल आज राजस्व परिषद अध्यक्ष पद पर रहते हुए सेवानिवृत्त हो रही है। बीएल मीणा अप्रैल 2028 तक राजस्व परिषद के अध्यक्ष रहेंगे। सूत्रों के मुताबिक, शासन के कुछ वरिष्ठ आईएएस की तबादला सूची जल्द जारी होगी, उसमें कुछ और अफसरों के विभाग बदले जाएंगे। पूरी खबर पढ़िए मथुरा में भाजपा विधायक को पाकिस्तान से धमकी, फोन करने वाला बोला-कहां रहते हो पता है मथुरा की मांट विधानसभा सीट से भाजपा विधायक राजेश चौधरी को पाकिस्तान के नंबर से व्हाट्सऐप कॉल कर जान से मारने की धमकी देने का दावा किया गया है। कॉलर ने उन्हें परिवार समेत बम से उड़ाने की धमकी दी। विधायक के मुताबिक, पहली कॉल मंगलवार रात करीब 10:38 बजे आई। कॉलर ने टीवी चैनलों पर इस्लाम और मुसलमानों से जुड़े मुद्दों पर बोलना बंद करने की चेतावनी दी। इसके बाद रात 2:17 बजे दोबारा कॉल आई, जो करीब 3 मिनट 4 सेकंड चली। विधायक ने मथुरा के एसएसपी को शिकायत देकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है। पढ़ें पूरी खबर… झांसी में 4 बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार: एक के पैर में लगी गोली, 3 को पुलिस ने घेरकर पकड़ा झांसी में ई-रिक्शा चालक से लूटपाट करने वाले बदमाशों से मंगलवार देर रात पुलिस की मुठभेड़ हो गई। इसमें एक बदमाश के पैर में गोली लगी है, जबकि पुलिस ने उसके 3 साथियों को घेरकर पकड़ लिया। मौके से एक बदमाश फरार हो गया। मुठभेड़ के दौरान बदमाशों ने दरोगा पर भी गोली चला दी, जो उनके बुलेटप्रूफ जैकेट में जा लगी। इससे वह बाल-बाल बच गए। घायल बदमाश को मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है। जबकि मौके से भागे बदमाश की पुलिस टीम तलाश कर रही है। सभी के खिलाफ कोतवाली थाने में केस दर्ज किया गया है। पढ़ें पूरी खबर…. गाजियाबाद में टायर फटने से मछलियों से भरी डीसीएम पलटी:देखने के लिए लगी भीड़, पुलिस ने रोका, क्रेन मंगाकर रास्ते से गाड़ी हटवाई गाजियाबाद में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह मछलियों से भरी डीसीएम टायर फटने से पलट गई। हादसे के बाद डीसीएम में रखी मछलियां सड़क पर बिखर गईं। पानी नहीं होने के कारण धूप में मछलियां तड़पने लगीं। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर राहगीरों की भीड़ लग गई। कुछ लोग मछलियों का वीडियो बनाने लगे, जबकि कुछ ने उन्हें उठाने की कोशिश की। मौके पर पहुंची ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को मछलियों के पास जाने से रोक दिया। पढ़ें पूरी खबर…