यूपी में भीषण गर्मी के बीच मौसम बदलने वाला है। प्रदेश में बुधवार से प्री-मानसून बारिश का सिलसिला शुरू होने जा रहा है। बुधवार तड़के नोएडा-गाजियाबाद और संभल में तेज हवा के साथ बारिश हुई। हालांकि, बाकी शहरों में तेज धूप निकली। मौसम विभाग ने आज 35 जिलों में आंधी, बारिश और बिजली-ओले गिरने का अलर्ट जारी किया है। 17 शहरों में हीटवेव (लू) का भी अलर्ट है। IMD के मुताबिक, कल यानी 11 जून से एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होगा। इससे प्री-मानसून जोर पकड़ेगा। लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। इससे पहले, मंगलवार को आंधी-तूफान ने चित्रकूट, इटावा, फिरोजाबाद और सीतापुर में भारी नुकसान पहुंचाया। चित्रकूट में 4.5 करोड़ के श्यामाप्रसाद मुखर्जी ऑडिटोरियम की छत उड़ गई। इटावा में 100 की रफ्तार से आए तूफान में टिनशेड उड़कर महिला पर गिर गई। सड़क पर पेड़ के नीचे दबकर एक बुजुर्ग की मौत हो गई। सीतापुर में लखनऊ बॉर्डर के पास हाईवे पर पेड़ उखड़कर गिर गया। नीचे दबने से सफाईकर्मी की मौत हो गई। फिरोजाबाद में निर्माणाधीन मकान का लोहे का गेट गिरने से एक मौत हो गई। पत्नी और बेटी बुरी तरह घायल हो गए। अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम? जानिए- लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- यूपी में मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। कहीं लू चल रही है तो कहीं आंधी-बारिश हो रही है। कल यानी 11 जून से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इससे प्री-मानसून की गतिविधियों में तेजी आएगी। 15-16 जून आंधी-तूफान और बारिश का सिलसिला चलता रहेगा। मानसून अपने तय समय यानी 20 जून तक एंट्री करेगा। 10 दिन के अंदर पूरे यूपी पर छा जाएगा। आपके शहर में गर्मी से राहत कबसे मिलने लगेगी, मानसून कब तक आ जाएगा? जानने के लिए नीचे लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए-