यूपी में मानसून फिर एक्टिव हो गया है। लखनऊ में गुरुवार शाम तेज बारिश हुई। बारिश का सिलसिला शक्रवार सुबह भी जारी रही। बरेली में भी मौसम बदल गया। शुक्रवार सुबह तेज हवा के साथ बारिश हो रही है। IMD ने आज यूपी के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। जबकि 15 जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं गुरुवार को गोरखपुर, आजमगढ़ समेत 15 जिलों में बारिश हुई। जौनपुर में इतनी बारिश हुई कि सड़कें तालाब बन गईं। गोरखपुर में सड़कों पर एक फीट पानी भर गया। प्रयागराज में देर रात करीब 11 बजे तेज बारिश हुई। इधर, पहाड़ों पर हो रही बारिश से यूपी में गंगा, यमुना और शारदा समेत 10 नदियां उफान पर हैं। 16 जिलों में 80 से ज्यादा गांव बाढ़ की चपेट में हैं। सबसे ज्यादा फर्रुखाबाद में 49 गांवों में बाढ़ है।कानपुर में गंगा नदी चेतावनी बिंदु के करीब पहुंच गई है। 5 से ज्यादा गांवों में पानी घुस गया है। बच्चे नाव से स्कूल जा रहे हैं। उन्नाव में गंगा का पानी कॉलोनियों में घुस गया है। छतों पर लोगों की जिंदगी बीत रही है। गलियों में नावें चल रही हैं। लखीमपुर-खीरी में शारदा नदी में अब तक 70 एकड़ जमीन समा चुकी है। वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ने से घाटों पर मुश्किलें बढ़ गई हैं। घाटों की सीढ़ियों तक पानी पहुंच गया है और 100 से अधिक छोटे मंदिर जलमग्न हो गए हैं। हरिश्चंद्र घाट का शवदाह स्थल भी पानी में डूब गया है। बारिश और बाढ़ की तस्वीरें देखिए… वाराणसी BHU के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने कहा- बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। इसके असर से प्रदेश में एक बार फिर मानसून जोर पकड़ेगा। आने वाले दिनों में पूरे यूपी में अच्छी बारिश होने की संभावना है। कल कहां-कहां बारिश होगी? यूपी में मौसम के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…