लखनऊ में अयोध्या के भाजपा नेता की हत्या:बदमाशों ने सिगरेट मांगी, न देने पर पीटा; ईंट-पत्थर से सिर कूचा, दोस्त छोड़कर भागे

लखनऊ में अयोध्या के भाजपा नेता की हत्या कर दी गई। सिगरेट न देने पर नाराज होकर बाइक सवार 3 युवकों ने मारपीट की और फरार हो गए। कुछ देर बाद दोबारा लौटे तो ईंट-पत्थरों से हमला कर सिर कूच दिया। साथ आए दोस्त भाजपा नेता को सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए। गंभीर हालत में मिले भाजपा नेता ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। परिवार ने दोस्तों और ड्राइवर पर साजिश करने का आरोप लगाया है। घटना विभूति खंड थाना क्षेत्र के जलवा क्लब के बाहर की है। भाजपा नेता की पहचान 28 साल के शिवम सिंह के रूप में हुई। वह अयोध्या में रामनगर धौरहरा गांव के रहने वाले थे। भाजपा युवा मोर्चा के जिला कमेटी सदस्य थे। अब सिलसिलेवार पढ़िए घटनाक्रम… अयोध्या से घूमने आए थे लखनऊ इंस्पेक्टर विभूतिखंड अमर सिंह ने बताया, शिवम सिंह 25 मई को अपने दोस्तों नीलेश और जीशान के साथ पार्टी करने लखनऊ आए थे। देर रात तक सभी ने विभूति खंड स्थित जलवा क्लब में पार्टी की। 26 मई सुबह करीब तीन बजे सभी क्लब से बाहर निकले। क्लब के बाहर बाइक सवार तीन युवकों ने शिवम से सिगरेट मांगी। शिवम ने एक बार उन्हें सिगरेट दे दी। तीनों युवकों ने दोबारा सिगरेट मांगी तो शिवम ने देने से मना कर दिया। इस पर तीनों युवकों ने उनकी पिटाई कर दी और बाइक से भाग गए। शिवम ने अपने परिचित आशीष को कॉल करके झगड़े की जानकारी दी। आशीष ने उनसे विवाद खत्म करके घर जाने के लिए कहा। इसके बाद शिवम अपने दोस्तों के साथ घर जाने लगे। रास्ते में कठौता झील रोड पर एलपीएस स्कूल के पास बाइक सवार तीनों युवक दोबारा आ गए। उन्होंने शिवम की कार पर ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। इससे उन्हें कार रोकनी पड़ी। शिवम कार से बाहर निकले। युवकों ने उन पर ईंट-पत्थर से हमला किया। ईंट लगने से उनका सिर फट गया। वह खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर गए। तीनों हमलावर मौके से भाग गए। शिवम के दोस्त भी उन्हें सड़क पर छोड़ चले गए। राहगीर ने पुलिस को दी सूचना
26 मई को तड़के करीब 4 बजे शिवम को खून से लथपथ देखकर एक राहगीर ने पुलिस को कॉल किया। पुलिस शिवम को डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल ले गई। स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें गोमती नगर के KNS अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनका आईसीयू में इलाज चल रहा था। 27 मई की रात करीब 12 बजे शिवम की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की शिकायत पर 27 मई को दोपहर में अज्ञात के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज हुआ था। शिवम की मौत के बाद अब हत्या में बदल जाएगा। अंजान व्यक्ति ने किया था फोन
शिवम सिंह के छोटे भाई सौरभ सिंह ने बताया कि 26 मई सुबह 4 हमें घटना की जानकारी मिली। सुबह करीब 7 बजे के आसपास हम लोग लोहिया अस्पताल पहुंचे। शिवम की हालत ठीक नहीं थी, तो उनको प्राइवेट हॉस्पिटल पर लेकर गए। प्राइवेट हॉस्पिटल में जब एडमिट कराया गया, तब उनका इलाज चालू हुआ। इसके बाद हम लोगों ने पुलिस को पूरी बात बताई। सौरभ ने बताया कि अनजान व्यक्ति ने मुझे फोन किया था और 112 को सूचना दी गई थी। शिवम के दोस्तों ने मदद और सहयोग नहीं किया। लगता है कि उनके दोस्तों की यह पूरी साजिश है। इसमें ड्राइवर भी शामिल है। दोस्त की वर्ना कार से आए थे
भतीजे आयुष सिंह ने बताया- हम लोगों को सूचना मिली कि लखनऊ में शिवम का झगड़ा हो गया है। लेकिन बहुत ज्यादा क्लियर नहीं हुआ। यहां पर पहुंचने पर मालूम हुआ कि शिवम आईसीयू में हैं। बताया गया कि तीन यूनिट ब्लड की आवश्यकता है। ब्लड की व्यवस्था करने के बाद पुलिस से हम मिले। इस बीच घटना के बाद शिवम ने जिस आशीष शुक्ला को कॉल किया था, उससे पता चला कि शिवम किसी नीलेश मौर्य नाम के लड़के के साथ उसकी वर्ना कार से पार्टी करने आए थे। उसके साथ दो अन्य लोग और ड्राइवर था। आशीष ने बताया की शिवम का उनके पास फोन आया था। शिवम ने कहा था कि कुछ लोग गाड़ी पर पत्थर फेंक रहे हैं। मैंने 15 मिनट में पहुंचने की बात की थी। जब हम लोग बताइए जगह पर पहुंचे, तो वहां कोई नहीं मिला। सुबह उनके गंभीर हालत में मिलने की जानकारी मिली। 27 मई को दोस्त नीलेश थाने पहुंचा
आयुष ने बताया कि पुलिस के कॉल करने पर 27 मई को नीलेश थाने आया। उसने सिगरेट को लेकर हुए विवाद के बाद घटना होने की जानकारी दी। उसने बताया कि डरकर वह और अन्य दोस्त शिवम को मौके पर छोड़कर भाग गए थे। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस ने जलवा क्लब के सीसीटीवी चेक किए हैं। ‘पुलिस सिर्फ निभा रही प्रोटोकॉल’
अभिषेक प्रताप सिंह ने कहा कि लखनऊ पुलिस की कार्यवाही से संतुष्ट नहीं हैं। पुलिस लगातार गुमराह कर रही है। पुलिस सिर्फ अपना प्रोटोकॉल निभा रही है, जैसे कि पोस्टमार्टम करना फिर अन्य फॉर्मेलिटी करना बाकी कोई उचित कार्रवाई नहीं कर रही है। ………. ये खबर भी पढ़ें… लखनऊ के होटल में मिला युवती का शव:3 दिन पहले लखीमपुर से हुई थी किडनैप, बैग में मिले 4 जोड़ी नए कपड़े और फोन लखनऊ में चारबाग के एक होटल में 22 साल की युवती का शव फंदे से लटका मिला है। उसकी पहचान लखीमपुर के महेवागंज के पंकजी की बेटी गुंजन मिश्रा के रूप में हुई है। युवती का 3 दिन पहले लखीमपुर से अपहरण किया गया था। इसका मुकदमा खीरी सदर कोतवाली में दर्ज है। पढ़िए पूरी खबर…