लखनऊ के पार्क रोड स्थित माध्यमिक शिक्षा निदेशालय में धरने पर बैठे शिक्षकों के प्रतिनिधि मंडल ने मंगलवार की शाम माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी से भेंट कर वार्ता की। मंत्री ने शिक्षकों से धरना स्थगित करने के साथ ही 15 दिन में ऑफलाइन तबादले के निस्तारण का आश्वासन दिया, लेकिन शिक्षक इस प्रस्ताव से सहमत नहीं हुए। फिर मंत्री ने एक व दो रोज में मुख्यमंत्री से वार्ता कर ऑफलाइन तबादले पर फैसला लेने की बात कही। उप्र. माध्यमिक शिक्षक संघ (एकजुट) के प्रदेश अध्यक्ष सोहनलाल वर्मा समेत प्रतिनिधि मंडल में शामिल शिक्षकों ने कहा जब तक ऑफलाइन तबादला सूची जारी नहीं की जाती है। शिक्षकों का धरना जारी रहेगा। प्रतिनिधि मंडल में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष सोहन लाल वर्मा के अलावा महामंत्री राजीव यादव, प्रवक्ता श्रवण कुशवाहा और शिक्षिका तृप्ति पहाड़ी शामिल रहीं। दूसरे दिन जारी रहा शिक्षकों का धरना उप्र. माध्यमिक शिक्षक संघ एकजुट के बैनर तले अशासकीय सहायता प्राप्त स्कूलों के शिक्षकों का निदेशालय के शिविर कार्यालय में मंगलवार को दूसरे दिन भी धरना जारी रहा। धरने को सम्बोधित करते हुए संगठन के प्रदेश अध्यक्ष सोहनलाल वर्मा ने कहा जब तक स्थानांतरण की सूची जारी नहीं हो जाती है। कोई समझौता नहीं होगा। प्रदेश महामंत्री राजीव यादव ने कहा स्थानांतरण से पीड़ित शिक्षकों के साथ संगठन हमेशा खड़ा रहेगा। संगठन के प्रदेश प्रवक्ता श्रवण कुमार कुशवाहा ने कहा स्थानांतरण हमारा अधिकार है। संगठन के संरक्षण डॉ. हरि प्रकाश यादव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष उपेंद्र वर्मा,प्रदेश मंत्री ध्रुव नारायण चौधरी ने कहा स्थानांतरण सूची यदि नहीं जारी हुई। शिक्षक भी विधान सभा के मानसून सत्र के समांतर स्थानांतरण सत्र चलाएंगे। धरने में शामिल शिक्षक अवकाश लेकर दो दिन से डटे हुए हैं। इस मौके पर प्रदेश मंत्री संदीप शुक्ला,वीएन सिंह, दिनेश द्विवेदी, शुभेंदु शरण त्रिपाठी, शिखा गुप्ता,सरोज सिंह,श्वेता सिंह, महिमा यादव ,वरुण देव पांडे कृतिका सिंह ,शिवांगी वर्मा संदीप, मीनाक्षी द्विवेदी, दीप्ति पहाड़ी, अनुजl त्रिवेदी,चंद्रशेखर चौधरी समेत सैकड़ों शिक्षक शामिल रहे।