प्रतापगढ़ में कचहरी से लौटकर घर जा रहे अधिवक्ता पर नकाबपोश बदमाशों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने अधिवक्ता से पिस्टल दिखाकर पहले मारपीट की। फिर गोली मारने की कोशिश की। गनीमत रही पिस्टल जाम हो गई। जिससे अधिवक्ता बाल-बाल बच गए। यह पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है। वीडियो में अधिवक्ता अपनी जान बचाने के लिए सड़क पर भागते और गिरते हुए नजर आ रहे हैं। पुलिस जांच कर रही है। मामला नगर कोतवाली क्षेत्र के जोगापुर मोहल्ले का है। पढ़ें पूरी खबर औरैया में लिफाफा लेने वाले एसडीएम निलंबित; कार्यालय के सीसीटीवी में कैद हुई थी घटना औरैया में सदर तहसील के उप जिलाधिकारी (एसडीएम) राकेश कुमार सिंह को निलंबित कर दिया गया है। उनका कार्यालय में रिश्वत लेते हुए का वीडियो सामने आया था। इसके बाद SDM राकेश कुमार हटा दिए गए थे। उन्हें जिला मुख्यालय से अटैच किया गया था। उनकी जगह अजय आनंद वर्मा को सदर तहसील का SDM बनाया गया था। DM इंद्रमणि त्रिपाठी ने मामले की जांच ADM अविनाश चंद्र मौर्या को सौंपी थी। दरअसल, ‘दैनिक भास्कर’ ने अपने स्पेशल कॉलम ‘बात खरी है’ में मंगलवार को SDM राकेश कुमार की खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी। जिसका DM इंद्रमणि त्रिपाठी ने संज्ञान लिया। तुरंत कार्रवाई की। पढ़ें पूरी खबर बिना सूचना लगातार गायब 7 डॉक्टर बर्खास्त होंगे, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने दिए निर्देश बिना सूचना दिए लगातार गायब डॉक्टरों पर गाज गिरेगी। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने ऐसे 7 डॉक्टरों को बर्खास्त करने के निर्देश दिए हैं। झांसी जिला चिकित्सालय में तैनात हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. मुकुल मिश्र, अमेठी के बाजार शुक्ल न्यू सीएचसी के डॉ. विकास कुमार मिश्र, अमेठी के जगदीशपुर न्यू सीएचसी के डॉक्टर विकलेश कुमार शर्मा, बरेली सीएमओ के अधीन डॉ. दीपेश गुप्ता, सीतापुर मिश्रिख सीएचसी में गायनी की डॉ. श्वेता सिंह, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. विक्रांत आनंद और हाथरस जिला चिकित्सालय के पैथोलॉजिस्ट डॉ. मोहम्मद राफे लंबे समय से गैरहाजिर चल रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने संपर्क किया, लेकिन जवाब नहीं आया। डिप्टी सीएम ने मामले को गंभीरता से लिया है। प्रयागराज में मां-बेटी ने जहर खाकर जान दी, एक-दूसरे का हाथ पकड़कर तड़पते रहीं प्रयागराज में गुरुवार को मां-बेटी ने एक साथ घर में जहर खा लिया। दोनों की लाशें अगल-बगल जमीन पर पड़ी मिलीं। पड़ोस में रहने वाली महिला किसी काम से घर आई। उसने कई बार आवाज दी। कोई रिस्पांस नहीं आने पर अंदर गईं। देखा तो दोनों मां-बेटी के मुंह से झांग निकल रहा था। महिला ने शोर मचाकर मोहल्ले वालों को बुलाया। पुलिस को भी फोन कर जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया। यहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। घटना नवाबगंज के लालूडीह गांव की है। मृतकों की शिनाख्त गुलजार हरिजन की पत्नी निर्मला देवी (60) और उसकी बेटी बिटाऊ (35) के रूप में हुई। पुलिस का कहना है कि बिटाऊ का पति 10 साल पहले अपनी पत्नी को छोड़कर चला गया था। पढ़ें पूरी खबर गाजीपुर में मुख्तार अंसारी के बेटे उमर की जमानत खारिज गाजीपुर की एडीजे प्रथम शक्ति सिंह की अदालत ने आज जेल में बंद मुख्तार अंसारी के छोटे बेटे उमर अंसारी की जमानत याचिका को खारिज कर दिया। गाजीपुर पुलिस ने उमर अंसारी को 3 अगस्त को लखनऊ से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। उमर पर अपने पिता की कुर्क संपत्ति को छुड़ाने के लिए न्यायालय में दाखिल याचिका में अपनी मां आफ्शा अंसारी का फर्जी हस्ताक्षर करने का आरोप है। पढ़ें पूरी खबर स्कूलों के मर्जर पर हाईकोर्ट का आदेश, कहा-1 किमी वाली बात लिखित में दें यूपी में सरकारी स्कूलों के मर्जर पर लखनऊ हाईकोर्ट की डबल बेंच में गुरुवार को सुनवाई हुई। चीफ जस्टिस अरुण भंसाली और जसप्रीत सिंह की बेंच ने मामले में सुनवाई की। याचिकाकर्ता के अधिवक्ता गौरव मेहरोत्रा ने खंडपीठ को बताया कि सीतापुर में स्कूल मर्जर पर अगली सुनवाई तक यथास्थिति बनाए रखने के आदेश हैं। राज्य सरकार ने कोर्ट में यह स्पष्ट किया कि 1 किलोमीटर से कम दूरी वाले स्कूलों की पेयरिंग नहीं की जाएगी। वहीं, जिन स्कूलों में 50 से अधिक विद्यार्थी हैं, उन्हें भी मर्जर से बाहर रखा जाएगा। खंडपीठ ने सरकार को इस संबंध में पारित आदेश को रिकॉर्ड में लाने का आदेश दिया है। पूरी खबर पढ़ें प्रयागराज में डॉक्टर को पीटने वाले अधीक्षक की गई कुर्सी, नशे में पीटा था प्रयागराज के कौड़िहार CHC के अधीक्षक डॉ. अनुराग तिवारी पर आखिरकार एक्शन हो गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने डॉ. अनुराग तिवारी को पद से हटा दिया है। अब उन्हें बहरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर बतौर चिकित्साधिकारी तैनात किया गया है। उनकी जगह पर कौड़िहार के नए अधीक्षक अब डॉ. अभिषेक सिंह को जिम्मेदारी दी गई है। डॉ. अभिषेक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सीताकुंड के प्रभारी चिकित्साधिकारी थे। दरअसल, डॉ. अनुराग तिवारी ने नशे में 12 अगस्त को डॉ. रविंद्र पांडेय को पीटा था। इस बात की पुष्टि जांच कमेटी की रिपोर्ट में भी हो गई थी। डॉ. अनुराग तिवारी दोषी पाए गए। बुधवार को डॉ. अनुराग तिवारी को पद से हटा दिया गया। पढ़ें पूरी खबर… रुदौली तहसील के SDM बोले- गलत को मैं टांग दूंगा, रिश्वत लेने वाले कर्मचारी बख्शे नहीं जाएंगे अयोध्या की रुदौली तहसील की समस्याओं को लेकर उठे सवालों पर SDM विकासधर दूबे ने सख्ती दिखाई है। उन्होंने कर्मचारियों को चेताया है कि चाहे कोर्ट का मामला हो, हैसियत प्रमाण पत्र बनवाने का हो, जनता से पैसा लेकर काम किया तो उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। गलत को मैं टांग दूंगा। तहसील केवल खसरा-खतौनी तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे क्षेत्र की जिम्मेदारी उनकी होती है। जनता की हर समस्या पर ध्यान सभी कर्मचारी को देना पड़ेगा। यदि तहसील में किसी भी काम के लिए कोई कर्मचारी या अधिकारी पैसा मांगता है तो उसकी जिम्मेदारी उनकी होगी। पढ़ें पूरी खबर… अमरोहा से वैष्णो देवी गई श्रद्धालुओं की बस पलटी, जम्मू में एक श्रद्धालु की मौत, 20 लोग घायल अमरोहा के हसनपुर से मां वैष्णो देवी दर्शन कराने के लिए गई बस जम्मू में हादसे का शिकार हो गई। बस का टायर फटने के बाद बेकाबू होकर पलट गई। हादसे में 26 साल के इकबाल सिंह की मौत हो गई। इसके अलावा 20 से अधिक श्रद्धालु घायल हुए हैं। श्रद्धालुओं का दल 18 अगस्त को गांव से रवाना हुआ था। बस में 60 से अधिक यात्री सवार थे। बुधवार रात करीब 2 बजे जम्मू में यह हादसा हुआ। सभी घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की खबर मिलते ही रुखालू गांव में हड़कंप मच गया। श्रद्धालुओं के परिजन अपने संबंधियों से संपर्क करने का प्रयास कर रहे हैं। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि घायलों में कौन-कौन शामिल हैं। पढ़ें पूरी खबर…