लखीमपुर खीरी में कार नहर में गिरी, 5 की मौत:शादी से लौट रहे थे, एक की हालत गंभीर

लखीमपुर खीरी के पढुआ थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना ढखेरवा-गिरजापुरी हाईवे पर पारस पुरवा गांव के पास देर रात करीब एक बजे हुई, जब एक तेज रफ्तार अल्टो कार अनियंत्रित होकर शारदा नहर में जा गिरी। कार में कुल छह लोग सवार थे। मृतकों की पहचान बहराइच जिले के घाघरा बैराज, थाना सुजौली निवासी जितेंद्र (23) पुत्र विपिन बिहारी और घनश्याम (25) पुत्र वुल्लू के रूप में हुई है। सिसियन पुरवा, थाना सुजौली निवासी लालजी (45) पुत्र मेवा लाल और रामवृक्ष पुरवा, थाना सुजौली निवासी सुरेश (50) पुत्र विशोसर भी मृतकों में शामिल हैं। पांचवें मृतक अजीमुल्ला का निवास स्थान अभी ज्ञात नहीं हो सका है। कार चालक बबलू पुत्र राजेश गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रमिया बेहड़ में भर्ती कराया गया है। स्थानीय ग्रामीणों अभिमन्यु सिंह, रोबिन सिंह, उमेश सिंह और प्रदीप सिंह ने बताया कि सभी लोग लखीमपुर में एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद वापस लौट रहे थे। दुर्घटना होते ही ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पढुआ थाना के सब इंस्पेक्टर अभिषेक सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से नहर में गिरी कार को बाहर निकाला गया। सभी शवों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रमिया बेहड़ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने इस सड़क दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।