गाजियाबाद में एक इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी की 5 मंजिला इमारत में सोमवार शाम 4 बजे भीषण आग लग गई। 10 किमी दूर से धुआं दिखाई दिया। घटना के कंपनी के अंदर करीब 650 कर्मचारी थे। आग लगते ही कंपनी का सायरन बजने लगा। इस पर कर्मचारी भाग कर बाहर आ गए। लेकिन, करीब 20 कर्मचारी अंदर ही फंस गए। पुलिस और फायर ब्रिगेड कर्मियों ने काफी मशक्कत कर सभी को बाहर निकाला। गाजियाबाद के अलावा हापुड़, नोएडा और बुलंदशहर से आई फायर ब्रिगेड की 25 गाड़ियों और 110 कर्मचारियों ने 5 घंटे में आग पर काबू पाया। नोएडा से 36 मीटर ऊंची हाइड्रॉलिक प्लेटफार्म मशीन भी मंगाई गई। CFO राहुल पाल ने बताया कि आग लगने के दौरान कंपनी के आसपास खड़े अमोनिया गैस से भरे 20 टैंकरों को हटा दिया गया। उन्हें एक किलोमीटर दूर खड़ा कराया गया। आग से सभी उपकरण जल गए और दीवारों में भी दरार आ गई। एलिन इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी में 800 से 1000 कर्मचारी काम करते हैं। बताया जा रहा है कि कंपनी में लगी CNC मशीन अचानक हीट हो गई। इसके बाद उसमें आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कंपनी को अपनी चपेट में ले लिया। कंपनी में पंखे और लाइट बनाने का काम किया जाता है। इसके चलते अंदर बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक सामान और ज्वलनशील सामग्री मौजूद थी। कंपनी एनएच-24 से सटे इंडस्ट्रियल एरिया में है। आग की 2 तस्वीरें देखिए… घटना से जुड़े अपडेट के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…