गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन में शुक्रवार रात 14 साल की छात्रा प्राची राजपूत की 12वीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई। प्राची डीडीपीएस संजय नगर में कक्षा 9 में पढ़ती थी। दो दिन पहले ही उसने महाराष्ट्र के शिरडी में हुई सीबीएसई नेशनल रस्सी कूद प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीता था। घटना राजनगर रेजीडेंसी सोसायटी के जी टावर की है। रात करीब 9 बजे प्राची बालकनी में सूख रहे कपड़े लेने गई थी। इसी दौरान वह नीचे गिर गई। आवाज सुनकर सोसायटी के लोग मौके पर पहुंचे। घरवाले उसे गंभीर हालत में संजय नगर के यशोदा अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 2 तस्वीरें देखिए… घर में माता-पिता, छोटी बहन और दादा-दादी थे प्राची के पिता सुरेश चंद एक मल्टीनेशनल कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। हादसे के समय घर में प्राची के माता-पिता, छोटी बहन और दादा-दादी मौजूद थे। परिवार के मुताबिक, प्राची बालकनी में सूख रहे कपड़े लेने गई थी। तभी अचानक नीचे गिर गई। घरवालों ने बताया- प्राची पढ़ाई के साथ खेल और संगीत में भी रुचि रखती थी। दो दिन पहले उसने महाराष्ट्र के शिरडी में हुई सीबीएसई नेशनल रस्सी कूद प्रतियोगिता में दो गोल्ड मेडल जीते थे। उसने डबल डच पेयर फ्री स्टाइल और डबल डच सिंगल फ्री स्टाइल में गोल्ड जीता था। मेडल जीतकर घर लौटने से परिवार में खुशी का माहौल था। हादसा या आत्महत्या, पुलिस कर रही जांच घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शुरुआती जांच में सामने आया है कि छात्रा बालकनी से नीचे गिरी थी। हालांकि, यह हादसा था या आत्महत्या, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस दोनों पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि मामले की जांच जारी है। ———————- ये खबर भी पढ़ें – राम मंदिर चढ़ावा चोरी चार्जशीट पर उठे सवाल:अमिताभ ठाकुर ने पूछा- SIT ने 105 घटनाओं का जिक्र किया, आरोपी सिर्फ 8 बनाए? अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में SIT की ओर से दाखिल आरोप-पत्र को लेकर आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने शुक्रवार को यूपी के DGP को पत्र भेजकर मामले में आगे की विवेचना कराने की मांग की। ठाकुर का कहना है कि जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और अंतिम आरोप-पत्र के दायरे में अंतर दिखाई देता है। पढ़िए पूरी खबर…