AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने मेरठ में कहा- 2027 के चुनाव में यहां से AIMIM और आजाद समाज पार्टी के उम्मीदवारों को जिताकर विधानसभा भेजें। अब राजनीतिक चेतना जाग चुकी है। अब किसी पार्टी के सामने सिर नहीं झुकाएंगे। न ही किसी से भीख मांगेंगे। ओवैसी ने कहा- चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री बनाएं। किसानों का कर्ज भी माफ करेंगे। भाजपा को रोकने की ताकत हमारे गठबंधन में है। ओवैसी ने भाजपा नेता के ‘मूंछ और दाढ़ी वाले’ गठबंधन के तंज का जवाब दिया। कहा- मैं कह रहा हूं कि इसका नुकसान क्लीन शेव वाले चेहरे को होगा। तुम हमको छेड़ोगे तो हम छोड़ेंगे नहीं। उन्होंने कहा- 2013 के मुजफ्फरनगर दंगों में 50 हजार लोग बेघर हुए थे, तब प्रदेश में अखिलेश यादव की सरकार थी। 47 मुस्लिम विधायक होने के बावजूद सपा ने पीड़ितों की मदद नहीं की। अखिलेश यादव सैफई में मुंबई से तमाम नाचने-गाने वालों को बुलाकर नाच-गाना देख रहे थे। नौचंदी मैदान में जनसभा में 5 हजार से ज्यादा समर्थकों की भीड़ है। मंच पर पहुंचते ही समर्थकों ने नारे लगाए- देखो-देखो कौन आया… शेर आया, शेर आया। ओवैसी के पहुंचने से पहले समर्थकों ने मंच के नीचे नकली नोट उड़ाए।